होमगार्ड भर्ती परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए डीएम और एसपी ने किया केंद्रों का औचक निरीक्षण, दिए सख्त निर्देश

SHARE:

सोनभद्र। जनपद में आज होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद रहा। शनिवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ और पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा के कड़े इंतजामों को परखा और पूरी प्रक्रिया को त्रुटिरहित बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सबसे पहले पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम का मुआयना किया। इसके बाद वे डाइट परिसर स्थित स्ट्रांग रूम पहुंचे और वहां की सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। परीक्षा केंद्रों में राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज और पॉलिटेक्निक कॉलेज का दौरा करते हुए अधिकारियों ने वहां उपलब्ध सुविधाओं, सीसीटीवी निगरानी प्रणाली और प्रवेश पत्र जांच की प्रक्रिया को परखा।

पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सर्वोपरि है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, केंद्र व्यवस्थापकों और कक्ष निरीक्षकों को निर्देशित किया गया कि वे अभ्यर्थियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखें ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुख्ता सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now