सोनभद्र। जनपद में आयोजित होमगार्ड भर्ती परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शनिवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्थापित कंट्रोल रूम, डायट परिसर में बने स्ट्रांग रूम के साथ ही राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज एवं पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित परीक्षा केंद्रों का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के पुख्ता इंतजामों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा को त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता कतई स्वीकार नहीं की जाएगी। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों एवं कक्ष निरीक्षकों को हिदायत दी कि वे अभ्यर्थियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करें ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, सीसीटीवी के माध्यम से हर गतिविधि पर पैनी नजर रखने, प्रवेश पत्रों की गहन जांच करने और सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने पर जोर दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) वागीश कुमार शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडे सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने भी सुरक्षा को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए एएसपी अनिल कुमार, सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ) और परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस बल को पूरी तरह अलर्ट रहकर परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
Author: Kanhaiya Lal
6 years of experience in journalism.






