नगर में ट्रैफिक सिग्नल का न होना दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है- कौशल शर्मा 

SHARE:

  • व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक में उठा ट्रैफिक और सुरक्षा का मुद्दा

कुशाग्र कौशल शर्मा, सोनभद्र। पुलिस लाइन स्थित सभागार में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार की अध्यक्षता में व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जनपद के व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से रखा, जिस पर प्रशासन ने गंभीर चर्चा करते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करने का आश्वासन दिया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष कौशल शर्मा ने शहर की यातायात व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि नगर में ट्रैफिक सिग्नल का न होना दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। उन्होंने शीतला चौक, बढ़ौली चौराहा, धर्मशाला चौराहा और चंडी होटल चौराहा जैसे व्यस्त स्थानों पर शीघ्र ट्रैफिक सिग्नल लगवाने की मांग की, ताकि आमजन और व्यापारियों को जाम व दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।

कौशल शर्मा ने ट्रैक्टरों द्वारा हो रही अनियंत्रित ड्राइविंग और ई-रिक्शा के अव्यवस्थित संचालन को जाम का बड़ा कारण बताया। उन्होंने सुझाव दिया कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को जोन या सेक्टर के अनुसार बांटकर ई-रिक्शा के लिए कलर कोडिंग और निर्धारित रूट तय किए जाएं। साथ ही, उन्होंने नगर में पार्किंग स्थल और ट्रांसपोर्ट नगर के अभाव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि माल लोडिंग-अनलोडिंग के दौरान व्यापारियों को होने वाली असुविधा को देखते हुए सर्विस लेन में खड़े वाहनों पर चालान न किया जाए, जिस पर अपर पुलिस अधीक्षक ने टीआई को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक के दौरान टोल प्लाजा पर कर्मियों के अमर्यादित व्यवहार और फास्टैग की अस्पष्टता को लेकर भी शिकायत दर्ज कराई गई, जिस पर संबंधित टोल कर्मचारियों को स्पष्टीकरण और सुधार के निर्देश दिए गए।

वहीं, जिला कोषाध्यक्ष शरद जायसवाल ने प्रभापुरम कॉलोनी में शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों और नशेड़ियों के जमावड़े का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि वहां से गुजरने वाली महिलाओं और लड़कियों पर फब्तियां कसी जाती हैं, जिससे कॉलोनीवासियों में भारी असुरक्षा है। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, एआरटीओ, नगर पालिका प्रतिनिधियों के साथ प्रशांत जैन, धर्मराज सिंह, राजेश जायसवाल, अभिषेक साहू, दिनेश सिंह, दीप सिंह पटेल, विनय जायसवाल और नागेंद्र मोदनवाल सहित अनेक प्रमुख व्यापारी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से व्यापारियों ने एक स्वर में प्रशासन से जनहित और व्यापारिक सुरक्षा के लिए त्वरित कदम उठाने की अपील की

है।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

7 years experience in the field of journalism.

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

Follow Us Now