ट्रांसफर के लिए रिश्वत मांग रहे मऊ के एसडीओ निलंबित, ऊर्जा मंत्री ने दिए जांच के आदेश

SHARE:

मऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति को स्पष्ट करते हुए मऊ जिले में तैनात उपखंड अधिकारी (एसडीओ) अमित कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्देश दिया है। बुधवार की देर रात सोशल मीडिया पर एसडीओ का एक ऑडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें वह कथित तौर पर ट्रांसफर कराने के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा मंत्री ने तत्काल संज्ञान लिया और देर रात ही उनके निलंबन की कार्रवाई सुनिश्चित की। इस संबंध में मंत्री एके शर्मा ने पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के प्रबंध निदेशक शंभू कुमार से टेलीफोन पर वार्ता की और मामले की निष्पक्ष व गहन जांच कराकर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

ऊर्जा मंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि विभाग के भीतर किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता या जनता व कर्मचारियों का शोषण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग की छवि खराब करने वाले अधिकारियों के लिए कोई जगह नहीं है और इस प्रकार के प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी। वायरल ऑडियो में रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। जांच टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि क्या इस रैकेट में अन्य लोग भी शामिल थे। शासन की इस त्वरित कार्रवाई ने यह साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाली शिकायतों और भ्रष्टाचार के साक्ष्यों पर सरकार की पैनी नजर है। फिलहाल, आरोपी एसडीओ के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है और निलंबन अवधि के दौरान उन्हें मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 2 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Comment

Follow Us Now