आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर जहां बच्चों के अधिकारों, सुरक्षा और बेहतर भविष्य को लेकर जागरूकता का संदेश दिया जा रहा था, वहीं सोनभद्र में घर से बिछड़कर रात के अंधेरे में भटक रहे दो नन्हे मासूमों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने सुरक्षित संरक्षण दिलाया। स्थानीय नागरिकों की सतर्कता और टीम की त्वरित कार्यवाही से करीब तीन और पांच वर्ष के दोनों बच्चों को सुरक्षित थाने पहुंचाया गया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर उन्हें बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से दोनों को शिशु गृह में संरक्षित कराया गया।
घर से बिछड़कर अकेले भटक रहे थे मासूम –
मामला थाना रॉबर्ट्सगंज के हिन्दुआरी चौकी क्षेत्र का है। 14 नवंबर की रात करीब आठ बजे स्थानीय लोगों की नजर घर से बिछड़कर अकेले भटक रहे दो छोटे बच्चों पर पड़ी। रात का समय और बच्चों की बेहद कम उम्र को देखते हुए नागरिकों ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह को दी।
सूचना मिलते ही चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम सक्रिय हो गई। परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह, काउंसलर अमन सोनकर और थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और दोनों बच्चों को सुरक्षित अपने संरक्षण में ले लिया।
मासूमियत के आगे बेबस थे बच्चे, नहीं बता सके घर का पता –
रेस्क्यू किए गए बच्चों में करीब पांच वर्ष का एक बालक और तीन वर्ष की एक बालिका शामिल है। उम्र इतनी कम है कि दोनों मासूम अपने घर का पता, माता-पिता का नाम अथवा परिवार के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में टीम ने बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें थाने पहुंचाया और आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
बच्चों की उचित देखभाल, सुरक्षा और उनके परिजनों की तलाश सुनिश्चित करने के लिए दोनों मासूमों को बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। समिति के समक्ष पेश किए जाने के बाद दोनों बच्चों को शिशु गृह में संरक्षित कराया गया। अब उनके परिजनों की पहचान और परिवार तक पहुंचाने की दिशा में प्रयास किया जा रहा है।
बाल दिवस पर समाज के नाम संवेदनशील संदेश –
दो मासूमों को सुरक्षित संरक्षण दिलाने की इस पहल ने एक बार फिर साबित किया कि थोड़ी सी सजगता किसी बच्चे के जीवन में कितना बड़ा बदलाव ला सकती है। स्थानीय नागरिकों ने बच्चों को देखकर अनदेखा करने के बजाय तत्काल सूचना देकर अपनी सामाजिक जिम्मेदारी निभाई। वहीं चाइल्ड हेल्पलाइन और पुलिस की संयुक्त कार्यवाही ने बच्चों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया।
परिजनों की जानकारी देने के लिए जारी किए गए नंबर –
चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के परियोजना समन्वयक मुकेश कुमार सिंह ने आम नागरिकों से अपील किया है कि यदि किसी को दोनों बच्चों के परिजनों अथवा उनके घर के संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल मोबाइल नंबर 9450717818 या टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1098 पर संपर्क कर सूचना दें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं कोई बच्चा अकेला, रोता हुआ, गुमशुदा अथवा असुरक्षित अवस्था में दिखाई दे तो उसे नजरअंदाज न करें, बल्कि तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






