आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । आस्था के महापर्व छठ पर जहां व्रती महिलाएं उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की तैयारी में जुटी थीं, वहीं चुर्क क्षेत्र के बबुरी तालाब में तीन मगरमच्छों की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ा दी। रविवार सुबह तालाब में एक साथ तीन छोटे-बड़े मगरमच्छ दिखाई देने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। जिस तालाब में कुछ ही देर बाद आस्था का सैलाब उमड़ने वाला था, वहां मगरमच्छों की मौजूदगी ने सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी।
गौरतलब है कि छठ महापर्व के अंतिम दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं, उनके परिजन और श्रद्धालु बबुरी तालाब पहुंचते हैं। छठ व्रती पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करती हैं। ऐसे में तालाब के भीतर तीन मगरमच्छों का दिखाई देना किसी बड़ी अनहोनी की आशंका को नजरअंदाज करने जैसा नहीं है। श्रद्धालुओं की भारी मौजूदगी और पानी में उतरने की परंपरा को देखते हुए स्थिति की गंभीरता और बढ़ गई है।
मगरमच्छों को देख स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने तत्काल वन विभाग और चुर्क पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी। अब निगाहें वन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि श्रद्धालुओं के तालाब में उतरने से पहले मौके पर पहुंचकर मगरमच्छों की स्थिति का पता लगाया जाए और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






