सोनभद्र। चार दिनों तक चलने वाले लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ के तीसरे दिन रविवार को जनपद भर में असीम श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। व्रती महिलाओं ने 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास रखकर विधि-विधान के साथ अस्ताचलगामी (डूबते हुए) सूर्य को पहला अर्घ्य अर्पित किया। इस पवित्र अवसर पर कई निष्ठावान महिलाएं घर से लेकर छठ घाट तक दंडवत देते हुए पहुंचीं, जिससे पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। जिले की चारों तहसीलों के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
जनपद मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली स्थित तालाब और नगर के बीचों-बीच स्थित ऐतिहासिक रामसरोवर तालाब पर हजारों की संख्या में व्रती महिलाएं व उनके परिजन पहुंचे, जहाँ उन्होंने अस्ताचल सूर्य को दूध व जल से अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की। इसके अलावा शाहगंज रजबहा (नहर) पर भी आस्थावानों का सैलाब उमड़ पड़ा, जहाँ सबसे अधिक भीड़ दर्ज की गई। अत्यधिक भीड़भाड़ के कारण सूर्यास्त के समय कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति भी बनी, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच जिले के बरकरा, देवरी, मेहुड़ी, सिरपालपुर, धरनीपुर, पिपरी और बेठिगांव समेत ग्रामीण अंचलों के जलाशयों व घाटों पर भी पूरे विधि-विधान से अर्घ्यदान संपन्न हुआ। पर्व के मद्देनजर रॉबर्ट्सगंज नगर समेत विभिन्न बाजारों में सजी फलों और पूजन सामग्री की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की खासी भीड़ बनी रही।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.





