Sonbhadra News : बहन-बहनोई को बचाने के लिए मौत के मुंह में कूदा भाई, तीनों की डूबकर मौत

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । एक-दूसरे की जान बचाने की कोशिश में तीन जिंदगियां काल के गाल में समा गईं। अनपरा थाना क्षेत्र के कुलडोमरी ग्राम पंचायत अंतर्गत बिरनबहरा टोला में आज सुबह भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में डूबने से बहन, बहनोई और भाई की दर्दनाक मौत हो गई। नहाने के दौरान बहन और बहनोई को गहरे पानी में डूबता देख भाई उन्हें बचाने के लिए बंधी में कूद पड़ा, लेकिन पानी की गहराई के आगे उसकी कोशिश भी नाकाम रही। देखते ही देखते तीनों पानी में समा गए। हादसे की खबर मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद तीनों के शव बरामद किए गए।

मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह तीनों भूतहवा नाले के पास स्थित बंधी में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान नहाते समय बहन और बहनोई अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। दोनों को जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते देख भाई उन्हें बचाने के लिए पानी में उतर गया। हालांकि, उसे भी पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग सका और बचाने की कोशिश में वह भी डूब गया। कुछ ही देर में तीनों के पानी में डूबने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घटना की सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से तलाश अभियान शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद बंधी से तीनों के शव बरामद कर लिए गए। मृतकों की पहचान 19 वर्षीय उर्मिला पुत्री राम प्रसाद, 15 वर्षीय राजू पुत्र राम प्रसाद और 22 वर्षीय अनिल शर्मा के रूप में हुई है।

एक ही परिवार से जुड़े तीन लोगों की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में सुबह तक सामान्य दिनचर्या थी, वहां अचानक मातम छा गया। घटना से बिरनबहरा समेत आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है।

एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में तीन जिंदगियों का यूं एक साथ खत्म हो जाना पूरे गांव को झकझोर गया। परिवार के तीन सदस्यों की एक साथ मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है

 

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now