आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रिश्तों की मर्यादा और इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना में तीन साल के मासूम विशाल की हत्या का चोपन पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। चार दिनों से लापता मासूम का शव गुरमा स्थित पूर्व सीमेंट फैक्ट्री की खदान के गहरे पानी से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, मासूम की हत्या के पीछे उसकी मां और आरोपी के बीच कथित अवैध संबंध तथा आपसी विवाद की बात सामने आई है। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी ने मासूम को अपने साथ ले जाकर उसकी हत्या कर दी और साक्ष्य छिपाने के इरादे से शव खदान के गहरे पानी में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी निशानदेही पर ही मासूम का शव बरामद किया गया।
दरअसल, पूरा मामला चोपन थाना क्षेत्र की गुरमा पुलिस चौकी अंतर्गत चुर्क-गुरमा नगर पंचायत के गुरमा नगर स्थित वार्ड नंबर नौ की आदिवासी बस्ती का है। यहां राम सिंह का तीन वर्षीय बेटा विशाल बुधवार की रात घर में सोते समय अचानक लापता हो गया था। मासूम के अचानक गायब होने से परिवार में कोहराम मच गया। मां मंजू देवी ने गुरमा पुलिस चौकी पहुंचकर बच्चे की तलाश की गुहार लगाई थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस मासूम की तलाश में जुट गई और लगातार संभावित स्थानों पर छानबीन करती रही। इसी दौरान पुलिस की जांच की दिशा आरोपी तक पहुंची। उससे पूछताछ की गई तो मामले में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई।
वहीं चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता के अनुसार, आरोपी का मासूम की मां के साथ कथित अवैध संबंध था। इसी बीच दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि इसी रंजिश में आरोपी ने मासूम को निशाना बनाया और उसकी हत्या कर शव पूर्व सीमेंट फैक्ट्री की खदान के गहरे पानी में छिपा दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी इससे पहले भी ऐसी कोशिश कर चुका था, लेकिन तब अपने मंसूबे में कामयाब नहीं हो सका था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खदान के गहरे पानी से मासूम का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच के साथ आगे की विधिक कार्यवाही की जा रही है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





