आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । दीपावली का त्योहार जहां खुशियों और रोशनी का प्रतीक है, वहीं कुछ लोगों के लिए कानून और सुरक्षा के नियमों को ताक पर रखने का जरिया बनता नजर आ रहा है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चौकी हिन्दूवारी अंतर्गत ग्राम पिपरा में दीपावली पर आयोजित काली पूजा के दौरान कथित तौर पर 312 बोर की दोनाली बंदूक से हर्ष फायरिंग किए जाने का मामला सामने आया है। इतना ही नहीं, फायरिंग का वीडियो शूट कर सोशल मीडिया स्टोरी पर भी साझा किया गया। मामले को लेकर एक भाजपा नेत्री ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कड़ी कार्यवाही की मांग की है। वहीं पुलिस ने भी त्वरित कार्रवाही करते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि दीपावली के अवसर पर पिपरा गांव में काली पूजा का आयोजन किया गया था। इसी दौरान एक युवक द्वारा दोनाली बंदूक से फायरिंग कर उसका वीडियो बनाया गया, बाद में इसे सोशल मीडिया पर स्टोरी के रूप में साझा किया गया। वीडियो को लेकर एक और गंभीर सवाल खड़ा हो रहा है। बताया जा रहा है कि बंदूक का लाइसेंस किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर है, जबकि कथित तौर पर फायरिंग कोई दूसरा व्यक्ति करता दिखाई दे रहा है। यदि जांच में इसकी पुष्टि होती है तो यह लाइसेंसी हथियार के इस्तेमाल और सुरक्षा नियमों के उल्लंघन का गंभीर मामला हो सकता है।
वहीं, एक भाजपा नेत्री ने पूरे प्रकरण से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। शिकायत और सामने आए वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संबंध में सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि “पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में समुचित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। संबंधित युवक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही में जुटी है।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






