आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• कार सहित एक जुआरी चढ़ा पुलिस के हत्थे
सोनभद्र । दीपावली जैसे पावन पर्व पर जहां घर-घर खुशियां और रोशनी का माहौल है, वहीं कुछ मनबढ़ों ने जुए की महफिल सजाकर त्योहार की मर्यादा को तार-तार कर दिया। जुआ खेलने के दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। जुए की बाजी में पैसों को लेकर ऐसी तनातनी हुई कि खेलने वाले ही एक-दूसरे पर टूट पड़े। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने दीपावली के नाम पर चल रही जुए की कुप्रथा और उससे पैदा होने वाले विवादों को फिर चर्चा में ला दिया है।
जुए की बाजी में पैसों को लेकर आपस में भिड़े मनबढ़ –
मामला राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र की बढ़ौली ग्राम पंचायत अंतर्गत कोलान बस्ती का है। बताया जा रहा है कि दीपावली के अवसर पर कुछ लोग जुआ खेलने में मशगूल थे। इसी दौरान रुपयों के लेनदेन को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और जुआ खेल रहे लोगों के बीच जमकर मारपीट होने लगी। मौके पर मची अफरा-तफरी के बीच किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस के पहुंचते ही मची अफरा-तफरी –
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा, सदर कोतवाल धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं महिला थाना प्रभारी रीता यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गईं। पुलिस टीम को देखते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मारपीट में शामिल एक युवक को कार समेत हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया।
वायरल वीडियो के आधार पर अन्य लोगों की तलाश में जुटी पुलिस –
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। दीपावली के पर्व पर जुए के नाम पर इस तरह खुलेआम विवाद और मारपीट की घटना ने सामाजिक मर्यादाओं के साथ कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। अब देखना होगा कि पुलिस वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ क्या कार्यवाही करती है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





