Sonbhadra News : संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटकता मिला महिला का शव, जाँच में जुटी पुलिस

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी अंतर्गत कटलहिया में सोमवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पाल दरी के पास अरविंद बाबा आश्रम के समीप एक महिला का शव पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही आस-पास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, सोमवार को दोपहर एक महिला का शव पेड़ से लटके होने की सूचना मिली थी। इसके बाद रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस और सुकृत चौकी प्रभारी विष्णु प्रभा सिंह, उपनिरीक्षक रामासरे यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मृतका की पहचान 35 वर्षीय बबिता वैगा पत्नी बलिराम निवासी कटलहिया के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि बबिता पिछले करीब डेढ़ वर्ष से अपने मायके में रह रही थी। उसके दो छोटे बच्चे हैं, जिनमें पांच वर्षीय बेटी हिमांशी और करीब डेढ़ वर्षीय बेटा गौरव शामिल हैं। वहीं, उसका पति बलिराम वर्तमान में दिल्ली में रहता है।

परिजनों के अनुसार, मृतका की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी और उसे कभी-कभी दौरे भी पड़ते थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज लोढ़ी भेज दिया।
फिलहाल महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की पड़ताल के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। इस घटना ने दो मासूम बच्चों के सिर से मां का साया छीन लिया है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now