आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• सीसीटीवी से होगी निगरानी और गोताखोरों की रहेगी तैनाती
सोनभद्र । लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। व्रतियों और श्रद्धालुओं को घाटों पर किसी तरह की परेशानी न हो तथा पर्व शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो, इसके लिए प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने चोपन स्थित सोन नदी छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के मद्देनजर संबंधित अधिकारियों को व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं, ताकि छठ व्रतियों को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
घाटों पर सफाई, रोशनी और बैरिकेडिंग की रहेगी व्यवस्था –
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी छठ घाटों पर साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों और आसपास के रास्तों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के साथ दिशा-सूचक एवं सूचनात्मक बोर्ड लगाए जाएं। नदी के किनारे सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग कराई जाए, जिससे श्रद्धालु निर्धारित सुरक्षित दायरे में रहकर पूजा-अर्चना कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कराने और लगातार निगरानी रखने को कहा।
आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोर और नाव रहेंगे तैनात –
नदी घाटों पर किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती और पर्याप्त संख्या में नावों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन को घाटों पर सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने को कहा गया है, ताकि श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच किसी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी, सादे कपड़ों में भी तैनात रहेगी पुलिस –
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के सभी प्रमुख छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी घाटों और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी करेंगे। भीड़ प्रबंधन, महिलाओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी।
आपसी समन्वय से समय से पूरी हों तैयारियाँ – डीएम
जिलाधिकारी चर्चित गोंड ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और श्रद्धा का विशेष पर्व है। ऐसे में घाटों पर स्वच्छता, सुरक्षा और बुनियादी सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए, जिससे व्रती और श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ सुरक्षित वातावरण में पर्व संपन्न कर सकें।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





