Sonbhadra News : दलित बस्ती में बाबा साहब की प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने से नाराजगी, पुलिस ने संभाला मोर्चा

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । चोपन नगर पंचायत के वार्ड नं0-2 स्थित दलित बस्ती में भारत रत्न डॉ0 भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा की खड़ी उंगली क्षतिग्रस्त मिलने से स्थानीय लोगों में नाराजगी फैल गई। बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचने की जानकारी मिलते ही बस्ती के लोगों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मामला सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हुआ।

चोपन थाना प्रभारी गोपाल जी गुप्ता, कृष्ण मोहन सिंह सहित पुलिस टीम और एलआईयू के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, बाद में क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा भी मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली। अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ उचित कानूनी कार्यवाही का भरोसा दिया। वहीं, लोगों की नाराजगी को देखते हुए तत्काल मूर्तिकार को बुलाकर प्रतिमा की क्षतिग्रस्त उंगली की मरम्मत भी कराई गई

सीओ ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति, मरम्मत के बाद लोगों ने ली राहत –

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संवाद स्थापित किया और उन्हें आश्वस्त किया कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी। प्रतिमा की क्षतिग्रस्त उंगली की तत्काल मरम्मत कराए जाने के बाद लोगों ने राहत महसूस की। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

नगर पंचायत अध्यक्ष बोले- शरारत या साजिश, जांच से होगा खुलासा

नगर पंचायत अध्यक्ष उस्मान अली ने बताया कि प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी मिलते ही वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए कहा कि यह किसी की शरारत है या जानबूझकर किया गया कृत्य, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा। नगर पंचायत की ओर से हर संभव सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिमा स्थल पर बाउंड्रीवॉल निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य कराकर स्थल को सुरक्षित बनाया जाएगा।

सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दोषियों को चिह्नित करने की मांग –

स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य मनोज चौबे ने घटना को बेहद दुखद और निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि इस बस्ती में बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित कराने का सपना लवकुश भारती का था, जो काफी प्रयासों के बाद साकार हुआ था। उन्होंने प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज की जांच कर घटना में शामिल लोगों को चिह्नित करने और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

मां ने दान की थी जमीन, 14 अप्रैल 2025 को स्थापित हुई थी प्रतिमा –

प्रतिमा स्थापना में अहम भूमिका निभाने वाले लवकुश भारती ने बताया कि 14 अप्रैल 2025 को यहां बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की गई थी। इसके लिए उनकी माता रामा देवी ने आधा बिस्वा भूमि दान की थी। उन्होंने बताया कि दीपावली के दिन मोहल्ले के लोग प्रतिमा स्थल पर दीपक जलाने पहुंचे थे, लेकिन उस समय किसी का ध्यान क्षतिग्रस्त उंगली पर नहीं गया। आशंका है कि घटना पिछले दो-तीन दिनों के भीतर हुई है। उनके पुत्र श्रीपद भारती ने डायल 112 पर इसकी सूचना दी थी।

लवकुश भारती ने कहा कि वह किसी जाति या समुदाय विशेष पर आरोप नहीं लगा रहे हैं। उनकी मांग है कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों की पहचान करे, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए और प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण कराया जाए। उन्होंने बताया कि नगर पंचायत अध्यक्ष की ओर से समाज कल्याण विभाग से 10 लाख रुपये की व्यवस्था होने की जानकारी भी दी गई है।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now