उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में बेखौफ बदमाशों ने पुलिस को खुली चुनौती देते हुए दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। अहरौला थाना क्षेत्र में थाने से महज 500 मीटर की दूरी पर पकड़ी गांव के पास असिलाई रोड पर शनिवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक को गोली मार दी। घटना के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस गोलीबारी से इलाके में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, पकड़ी गांव निवासी आर्यन यादव (18) पुत्र मनोज यादव असिलाई रोड से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान अपाचे बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली आर्यन के बाएं हाथ के पंजे में और दूसरी उसके बाएं पैर में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने आनन-फानन में घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार बदमाशों की धरपकड़ के लिए सघन जांच अभियान चला रही है।
Author: Vinod Garg
3 years experience in the field of journalism.






