आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी समेत तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी का लोहे का सामान तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो बरामद किया है। मामले में दर्ज दो मुकदमों में बीएनएस की धारा 317(2) और 317(4) की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर को ग्राम गोरारी निवासी बसन्तु ने विशाल उर्फ मोनू को ऑटो के साथ पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। आरोप था कि वह घर में घुसकर लोहे का सामान चोरी कर ऑटो में लादकर ले जा रहा था। पूछताछ और विवेचना आगे बढ़ी तो ग्राम गोरारी स्थित एक निर्माणाधीन मकान से लोहे की रिंग, सरिया, सीमेंट और रोशनदान चोरी किए जाने की घटना में भी उसकी और अन्य आरोपियों की संलिप्तता सामने आई।
कबाड़ी की दुकान से मिला चोरी का लोहा –
पुलिस ने साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर विशाल उर्फ मोनू, कामेश्वर उर्फ बबलू और अमित कुमार बिन्द को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार विशाल उर्फ मोनू की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी अमित कुमार बिन्द की दुकान से करीब 25 किलोग्राम लोहे का सामान बरामद हुआ।
पूछताछ में पुलिस के मुताबिक विशाल उर्फ मोनू और कामेश्वर उर्फ बबलू ने निर्माणाधीन मकान से लोहे की रिंग, सरिया, सीमेंट और रोशनदान चोरी करने तथा चोरी का सामान कबाड़ी अमित कुमार बिन्द के पास बेचने या रखने की बात बताई। कबाड़ी से पूछताछ में भी चोरी का सामान खरीदने से संबंधित तथ्य सामने आने की बात पुलिस ने कही है।
लोहे की रिंग से लेकर सरिया तक बरामद –
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही से करीब 8 किलोग्राम लोहे की रिंग, 11 किलोग्राम के दो सरिया, करीब 6 किलोग्राम सरिया के टुकड़े, दो रम्बा, टेम्पू का एक जोका और तीन लोहे के पाइप बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त ऑटो भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। बरामदगी और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर मुकदमें में बीएनएस की धारा 317(2) एवं 317(4) की बढ़ोतरी की गई है।
विशाल पर पहले से कई मुकदमे –
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त विशाल उर्फ मोनू के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज थाने में चोरी समेत विभिन्न धाराओं में पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके खिलाफ वर्ष 2021, 2023 और 2024 में भी मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
वहीं कामेश्वर उर्फ बबलू के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट और चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक इतिहास को भी विवेचना का हिस्सा बनाया है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में ये रहे शामिल –
गिरफ्तारी और चोरी की घटनाओं के अनावरण में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार, हेड कांस्टेबल हेमन्त बारी, हेड कांस्टेबल विष्णु शंकर उपाध्याय और कांस्टेबल सत्येन्द्र कुमार शामिल रहे।






