आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद किया रेस्क्यू, सोन नदी में छोड़ा
सोनभद्र । चोपन थाना क्षेत्र स्थित हाईडिल कॉलोनी के वार्ड नंबर-3 में शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने करीब पांच फीट लंबे मगरमच्छ को आबादी के बीच देखा। कॉलोनी में मगरमच्छ की मौजूदगी की खबर फैलते ही लोगों में दहशत का माहौल बन गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। जानकारी मिलते ही ओबरा वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद वनकर्मियों ने मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया। रेस्क्यू के बाद वन विभाग की टीम मगरमच्छ को सोन नदी में ले गई और सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया। वन विभाग की कार्यवाही के बाद कॉलोनी के लोगों ने राहत की सांस ली।
नदी से भटककर आबादी में पहुंचने की आशंका –
स्थानीय लोगों के अनुसार, मगरमच्छ अचानक कॉलोनी के आसपास दिखाई दिया था। आशंका जताई जा रही है कि वह सोन नदी से भटककर आबादी वाले क्षेत्र में पहुंच गया होगा। मगरमच्छ के पकड़े जाने तक कॉलोनी में लोगों के बीच दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वन विभाग की टीम के रेस्क्यू के बाद स्थिति सामान्य हुई।





