आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पुत्रों की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और अच्छे स्वास्थ्य की कामना को लेकर मनाया जाने वाला जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) व्रत शनिवार को श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर शुक्रवार को राबर्ट्सगंज नगर समेत ग्रामीण क्षेत्रों के बाजारों में दिनभर चहल-पहल रही। महिलाओं ने व्रत और पूजन की तैयारियों को लेकर फल, पूजन सामग्री, मिठाई, जिउतिया समेत अन्य आवश्यक सामान की जमकर खरीदारी की।
व्रत की तैयारियों को लेकर महिलाओं के घरों में भी दिनभर काम चलता रहा। कई घरों में व्रत स्थल और पूजा स्थान की साफ-सफाई पुरुषों एवं युवकों ने की। वहीं, महिलाएं पूजन सामग्री और फल आदि की व्यवस्था करने में जुटी रहीं। पर्व को लेकर बाजारों में सुबह से ही महिलाओं की भीड़ पहुंचने लगी थी और देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला चलता रहा।
फलों और पूजन सामग्री की बढ़ी मांग –
राबर्ट्सगंज नगर के मंडी समिति, शीतला मंदिर, बढ़ौली चौक, धर्मशाला चौराहा समेत विभिन्न स्थानों पर फलों और पूजन सामग्री की अस्थायी दुकानें सजी रहीं। महिलाओं ने केला, सेब, नारियल, अमरूद समेत विभिन्न फलों के साथ मिठाई, धागा और पूजा में उपयोग होने वाली अन्य सामग्री खरीदी। जिउतिया की भी दुकानों पर अच्छी मांग रही। कई महिलाएं समूह में बाजार पहुंचीं और एक साथ पर्व से संबंधित सामग्री की खरीदारी की। ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में महिलाएं नगर के बाजारों में पहुंचीं। भीड़ को देखते हुए दुकानदारों ने पहले से ही फल और पूजन सामग्री का पर्याप्त इंतजाम कर रखा था।
आज निर्जला व्रत, पूजा-अर्चना की तैयारी –
जीवित्पुत्रिका व्रत को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह है। मान्यता के अनुसार माताएं अपने पुत्रों की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना से यह व्रत रखती हैं। शनिवार को महिलाएं दिनभर निर्जला व्रत रखेंगी और परंपरा के अनुसार नदी, तालाब अथवा निर्धारित पूजा स्थल पर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगी। कई स्थानों पर महिलाएं समूह में पूजा स्थल तक पहुंचेंगी।
पर्व को लेकर बाजारों में बढ़ी खरीदारी से फल विक्रेताओं और पूजन सामग्री के कारोबारियों के चेहरे पर भी रौनक दिखाई दी। शुक्रवार को देर शाम तक बाजारों में खरीदारी का सिलसिला जारी रहा। शनिवार को जिउतिया व्रत के साथ ही क्षेत्र में पर्व का धार्मिक उल्लास देखने को मिलेगा।





