योगी का विपक्ष पर हमला: बोले- पीएम मोदी ने जनता के पैसे पर डकैती डालने वालों की जेबें खाली कराईं, गरीबों को दिलाया उनका हक

SHARE:

UP NEWS: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के हक पर डकैती डालने वालों की जेबें खाली कराकर गरीब का पैसा सीधे उसके बैंक खाते तक पहुंचाने का काम किया है। शुक्रवार को लखनऊ के लोक भवन सभागार में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित ‘नमो सेवा अनकही कहानियां’ नाट्य श्रृंखला के मंचन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि जनधन खाते खोले जाने पर जब विपक्ष खिल्ली उड़ाता था, तब किसी ने नहीं सोचा था कि यह पारदर्शी व्यवस्था का आधार बनेगा; लिहाजा जिनकी जेबों में जनता का पैसा जाता था, उनका तिलमिलाना स्वाभाविक है। उन्होंने आगामी 7 अक्टूबर को पीएम मोदी के सार्वजनिक सेवा में 25 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए इसे बिना रुके, बिना झुके और बिना डिगे राष्ट्रसेवा की ऐतिहासिक यात्रा करार दिया। सीएम ने वर्ष 2004 से 2014 के बीच यूपीए सरकार के शासनकाल को भ्रष्टाचार, अराजकता और अकर्मण्यता का दौर बताते हुए कहा कि 2014 में देश की जनता ने पीएम मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया, जिसके बाद बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग के विकास को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई गईं।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में अवसंरचना और जनकल्याणकारी योजनाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। हवाई चप्पल पहनने वाले आम नागरिक के हवाई जहाज से सफर करने का सपना पूरा हुआ है। बेघरों को पक्के मकान, 12 करोड़ परिवारों को शौचालय, 5 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा और 80 करोड़ से अधिक लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा दी जा रही है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के तहत देश में आईआईटी, आईआईएम, एम्स और मेडिकल कॉलेजों की नई श्रृंखला खड़ी हुई है, जबकि 2.5 लाख से अधिक नए स्टार्टअप्स के जरिए आज भारत का युवा नौकरी मांगने वाला नहीं बल्कि नौकरी देने वाला बन रहा है। इसके साथ ही 12 करोड़ किसानों को सीधे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि का लाभ दिया गया है। कार्यक्रम में भाजपा के अवध क्षेत्र अध्यक्ष अवधेश द्विवेदी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, एमएलसी मुकेश शर्मा, विधायक डॉ. नीरज बोरा और मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश अवस्थी सहित अनेक जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।

AJEET KUMAR SINGH
Author: AJEET KUMAR SINGH

अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now