लखनऊ। लंबे समय तक गहन चिंतन-मंथन और संगठन के भीतर लामबंदी के बाद उत्तर प्रदेश भाजपा ने बृहस्पतिवार को अपने विभिन्न मोर्चों की नई प्रदेश टीम का औपचारिक एलान कर दिया है। घोषित की गई नई टीमों में किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा और अनुसूचित जाति मोर्चा शामिल हैं। इसी के साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने अनस साजिद उस्मानी को अल्पसंख्यक मोर्चा का नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। कुंवर बासित अली को अल्पसंख्यक मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से यह पद खाली चल रहा था। कानपुर के निवासी अनस साजिद उस्मानी, जो अब तक प्रदेश मोर्चा में मंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे थे, भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष तनवीर हैदर उस्मानी के पुत्र हैं। इसके अलावा महिला, पिछड़ा वर्ग और अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों की भी घोषणा की गई है।
मोर्चों की नई टीम में भारतीय जनता पार्टी ने जातीय के साथ-साथ क्षेत्रीय समीकरणों को साधने पर विशेष ध्यान दिया है। सवर्ण, पिछड़े और दलित समाज की दर्जनों जातियों के कार्यकर्ताओं को स्थान देकर चुनावी संतुलन बनाने का प्रयास किया गया है। टीम में बिंद, निषाद, जाट, लोध, मौर्य, शाक्य, गुर्जर, वैश्य, कुशवाहा, विश्वकर्मा, राजभर, सैनी और पाल समाज समेत दलित वर्ग की विभिन्न जातियों को प्रतिनिधित्व दिया गया है। इसके अलावा संगठन में असंतोष को थामने की कोशिश के तहत पूर्व सांसद कौशल किशोर के पुत्र विकास किशोर को अनुसूचित मोर्चा में उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि एमएलसी रामचंद्र प्रधान को पिछड़ा वर्ग मोर्चा में उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।
घोषित ढांचे के अनुसार किसान मोर्चा में 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री और 12 मंत्री बनाए गए हैं। इसी प्रकार अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अशोक रावत की टीम में जाटव, पासी और कोरी समाज सहित दलित वर्ग की प्रमुख जातियों को शामिल करते हुए 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री व 12 मंत्री नियुक्त किए गए हैं। महिला मोर्चा की अध्यक्ष सरोज कुशवाहा की टीम में 12 उपाध्यक्ष, 2 महामंत्री तथा 11 मंत्री शामिल हैं, जबकि पिछड़ा वर्ग मोर्चा में भी 12 उपाध्यक्ष, 4 महामंत्री और 12 मंत्रियों की तैनाती की गई है।
इसके साथ ही विभिन्न मोर्चों के क्षेत्रीय अध्यक्षों की जिम्मेदारी भी तय कर दी गई है। पिछड़ा वर्ग मोर्चा में अवध क्षेत्र से नीरज कटियार, काशी से इंद्रभूषण मौर्या, गोरखपुर से रवि प्रकाश चौहान उर्फ मोहन चौहान, कानपुर से मनोज राजपूत, बृज से नवीन प्रजापति और पश्चिम से सुनील भाटी को क्षेत्रीय अध्यक्ष बनाया गया है। अनुसूचित मोर्चा में अवध से अरुण रावत, काशी से शैलेश राम, गोरखपुर से विजय सोनकर, कानपुर से सलिल श्रीवास, बृज से विशाल वाल्मीकी तथा पश्चिम से अखिल कुमार को कमान सौंपी गई है। वहीं महिला मोर्चा में अवध क्षेत्र से डॉ. श्वेता सिंह, काशी से सुनीता राजेश सिंह, गोरखपुर से संध्या त्रिपाठी, कानपुर से मोना शुक्ला, बृज से चंद्रेश गुप्ता और पश्चिम क्षेत्र से अचला सिंह जाट को क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





