Sonbhadra News : अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर वृद्धाश्रम में लगा स्वास्थ्य महाकैंप, राज्यमंत्री ने बांटे फल-मिष्ठान

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)  

सोनभद्र। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर नेशनल प्रोग्राम फॉर हेल्थ केयर एल्डर्ली (NPHCE) के तहत वृद्धाश्रम छपका, राबर्ट्सगंज में वृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गौड़ मौजूद रहे। उन्होंने वृद्धजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान वृद्धजनों को फल एवं मिष्ठान भी वितरित किया गया।

शिविर का आयोजन अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर की अध्यक्षता में हुआ। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में हाइपरटेंशन, डायबिटीज और नेत्र संबंधी जांच के साथ आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया गया।

नियमित जांच और दवा सेवन जरूरी –

जनरल फिजिशियन डॉ0 गणेश प्रसाद ने वृद्धजनों को हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज के कारणों, बचाव के उपाय तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में अनावश्यक चिंता से बचना चाहिए। बीपी या शुगर की समस्या होने पर समय-समय पर जांच करानी चाहिए और चिकित्सक की सलाह के अनुसार नियमित रूप से दवाओं का सेवन करना चाहिए। उन्होंने स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए संतुलित दिनचर्या, नियमित स्वास्थ्य परीक्षण और चिकित्सकीय सलाह का पालन करने पर जोर दिया

वृद्धजनों के लिए उपलब्ध हैं विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं –

अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एवं एनसीडी कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ0 गुलाब शंकर यादव ने बताया कि शासन की ओर से वृद्धजनों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए नेशनल प्रोग्राम फॉर हेल्थ केयर एल्डर्ली संचालित किया जा रहा है। इसके तहत स्वास्थ्य इकाइयों पर वृद्धजनों को निःशुल्क जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

उन्होंने बताया कि जिला संयुक्त चिकित्सालय में बुजुर्गों के लिए जिरियाट्रिक वार्ड की सुविधा भी उपलब्ध है। वहीं एनसीडी कार्यक्रम के अंतर्गत जिला संयुक्त चिकित्सालय (मेडिकल कॉलेज), लोढ़ी में 30 वर्ष से अधिक आयु के लोगों की हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज की जांच की जाती है।

शिविर में डॉ0 अभिषेक पाण्डेय, डॉ0 राजकुमार, फार्मासिस्ट सुषमा सिंह, फिजियोथेरेपिस्ट करिश्मा एवं नितेश साहू, स्टाफ नर्स श्वेता सिंह व सपना कन्नौजिया, महेन्द्र साहू, काउंसलर अवनीश मिश्रा, फाइनेंस कम लॉजिस्टिक कंसल्टेंट राहुल कुमार कन्नौजिया सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कार्मिकों ने सेवाएं प्रदान कीं।

शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजनों एवं अन्य लोगों ने प्रतिभाग कर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now