Sonbhadra News : एक ने नहीं हटाया कचरा, दूसरे ने संचारी रोग की बैठकों से बनाई दूरी, नाराज सीडीओ ने रोका दोनों ईओ का वेतन

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र। संचारी रोगों की रोकथाम एवं प्रभावी नियंत्रण को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय द्वितीय अन्तर्विभागीय बैठक आयोजित हुई। बैठक में अभियान की तैयारियों और पूर्व में दिए गए निर्देशों की अनुपालन स्थिति की समीक्षा की गई। वहीं लापरवाही सामने आने पर सीडीओ ने अधिशासी अधिकारी, चुर्क/घुरमा का वेतन अवरुद्ध करने के साथ ही दोनों बैठकों में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज का वेतन भी रोकने के निर्देश दिया।

शासन के निर्देशानुसार जनपद में 1 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर 2026 तक दस्तक अभियान प्रस्तावित है। अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों की तैयारियों और जिम्मेदारियों की बैठक में विस्तार से समीक्षा की गई।

जिला मलेरिया अधिकारी ने पीपीटी के माध्यम से संचारी रोग नियंत्रण अभियान की कार्ययोजना, विभागवार दायित्व और तैयारियों की जानकारी दी। सीडीओ ने सभी विभागों को माइक्रोप्लान के अनुसार निर्धारित कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

कचरा निस्तारण में देरी पर कार्यवाही –

सीडीओ ने नगर निकायों और पंचायत विभाग के अधिकारियों को नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी की व्यवस्था और कचरे के निस्तारण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव और फॉगिंग कराने के बाद कार्रवाई की फोटो संचारी अभियान के व्हाट्सऐप ग्रुप पर उपलब्ध कराने को कहा।

बैठक में बताया गया कि प्रथम अन्तर्विभागीय बैठक में चुर्क स्थित सोनपंप जाने वाले मार्ग पर डंप कचरे का एक सप्ताह के भीतर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्धारित समय बीतने के बाद भी कचरा नहीं हटाया गया। इस पर सीडीओ ने अधिशासी अधिकारी, चुर्क/घुरमा का वेतन अवरुद्ध करने के लिए ट्रेजरी को निर्देशित किया।

वहीं, दोनों अन्तर्विभागीय बैठकों में अनुपस्थित रहने पर अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका रॉबर्ट्सगंज का वेतन अवरुद्ध करने के निर्देश दिए गए।

स्कूलों में भी चलेगा जागरूकता अभियान –

सीडीओ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को सभी विद्यालयों में प्रार्थना के समय विद्यार्थियों को संक्रामक रोगों से बचाव, हाथ धोने के सही तरीके, पूरी आस्तीन की यूनिफॉर्म पहनने तथा बुखार होने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देने के निर्देश दिए।

उन्होंने प्रत्येक विद्यालय में हाथ धोने के लिए हैंडवॉश की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा उपलब्ध कराए गए पंपलेट का वितरण कर जनजागरूकता बढ़ाने को कहा।

गांवों में स्वच्छता और जल निकासी पर जोर –

ग्राम विकास विभाग को गांवों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ माइक्रोप्लान के अनुसार एंटी लार्वा छिड़काव, फॉगिंग, कचरा निस्तारण, नालियों की सफाई और झाड़ियों की कटाई कराने के निर्देश दिए गए।

सीडीओ ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि माइक्रोप्लान के अनुसार प्रतिदिन निर्धारित गतिविधियां पूरी की जाएं। जनपद स्तरीय अधिकारी जिला स्तर पर आयोजित गोष्ठियों में तथा ब्लॉक स्तरीय अधिकारी अपने-अपने विकासखंडों में अभियान के उद्घाटन कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे।

बैठक में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा, ग्राम विकास, नगर निकाय, पशुपालन, कृषि, बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तीकरण और सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, सभी ब्लॉक अधीक्षक, बीसीपीएम, डीपीएम तथा एनएचएम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now