आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के विरोध में आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस जिला कार्यालय से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। जिलाध्यक्ष रामराज गोंड के नेतृत्व में निकले मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन को देखते हुए कांग्रेस जिला कार्यालय पुलिस छावनी में तब्दील रहा।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। कार्यकर्ता मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने पुतला छीनकर मौके से हटा दिया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया।
ज्ञानेश कुमार ही नहीं, मोदी-शाह भी दें इस्तीफा : रामराज गोंड
कांग्रेस जिलाध्यक्ष रामराज गोंड ने कहा कि “चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद है और चुनावी प्रक्रिया पर उठ रहे सवालों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि चुनावी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग भी उठाते हुए कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंचों तक अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र की सत्ता में बैठे लोगों के संरक्षण में संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बनाया जा रहा है।”
लोकतंत्र को कमजोर करने वाली व्यवस्था स्वीकार्य नहीं : हाजी फरीद अहमद
शहर अध्यक्ष हाजी फरीद अहमद ने कहा कि “मतदाता को अपने मताधिकार पर पूरा भरोसा होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची को लेकर जिस तरह के सवाल सामने आ रहे हैं, उनका स्पष्ट और पारदर्शी जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को लेकर आंदोलन कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता के सवालों का जवाब सत्ता और संवैधानिक संस्थाओं को देना होगा।”
मतदाता के अधिकार से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं : उषा चौबे
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष उषा चौबे ने कहा कि “मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना या प्रक्रिया को लेकर भ्रम पैदा होना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और आम मतदाताओं के मताधिकार की रक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता जनता के अधिकारों और संविधान की रक्षा के लिए अपना संघर्ष जारी रखेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार संवैधानिक संस्थाओं की स्वायत्तता को प्रभावित कर रही है।”
कलेक्ट्रेट तक गूंजे नारे, पुलिस ने संभाला मोर्चा –
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए पहले से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी। पुतला दहन के प्रयास को पुलिस द्वारा रोकने के बाद कुछ देर के लिए कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई, हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई।






