आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । ओबरा थाना क्षेत्र के सुभाष चौक के पास हनुमान मंदिर के बगल में सोमवार सुबह करीब 70 वर्षीय व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही ओबरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि मृतक को रविवार रात ओबरा के वीआईपी तिराहे के आसपास देखा गया था। इसके बाद सोमवार सुबह हनुमान मंदिर के समीप शव मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
शव के पास मिला निर्वाचन पहचान पत्र –
पुलिस के अनुसार, शव के पास से एक निर्वाचन पहचान पत्र भी बरामद हुआ है। पहचान पत्र के आधार पर मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से भी मृतक के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
फिलहाल व्यक्ति की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
समाजसेवी रमेश सिंह यादव ने बताया कि मंदिर के पास शव मिलने की जानकारी के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस से मामले की जांच कर मृतक की पहचान और मौत के कारणों का जल्द पता लगाने की मांग की।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और शिनाख्त की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।






