लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते बृहस्पतिवार शाम से जारी मूसलाधार बारिश का दौर रविवार को थम गया, लेकिन इसके चलते हुए हादसों ने भारी तबाही मचाई है। प्रदेश के विभिन्न जिलों में मकान, दीवार और पेड़ गिरने से रविवार को 33 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि शनिवार को भी हादसों में 58 लोगों की जान चली गई थी। लगातार बारिश से न केवल जनजीवन अस्त-व्यस्त हुआ बल्कि बिजली आपूर्ति ठप होने और भीषण जलभराव से आमजन को भारी संकट का सामना करना पड़ा। नदियों के जलस्तर में हुई बढ़ोतरी से तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से मौसम तंत्र कमजोर पड़ेगा और भारी बारिश की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है, जिससे आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।
।बारिश के आंकड़ों पर नजर डालें तो फर्रुखाबाद में सर्वाधिक 320 मिलीमीटर, गोरखपुर में 234.2 मिमी और लखीमपुर खीरी में 195 मिमी बारिश दर्ज की गई। आंधी और बारिश के कारण प्रदेश भर में 1021 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं, जिसको देखते हुए योगी सरकार ने राहत व बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश जारी किए हैं। राहत आयुक्त ऋषिकेश भास्कर यशोद ने जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने और फसलों के नुकसान का आकलन करने के आदेश दिए हैं। वहीं सीतापुर, बलरामपुर, फर्रुखाबाद, हरदोई और बरेली सहित कई जिलों में मौतों की सूचना है। इधर, बारिश और बिजली-आवागमन की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए गोंडा जिला प्रशासन ने सोमवार को भी कक्षा 12 तक के सभी स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया है।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"






