आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के चंडी तिराहा निवासी बीज-कीटनाशक दुकानदार को बकाया रुपये मांगना भारी पड़ गया। आरोप है कि बकाया रकम मांगने पर दो मनबढ़ों ने दुकानदार और उसके सहयोगी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित अतुल कुमार सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोनू यादव और रन्नू यादव पर करीब 65 हजार रुपये बकाया थे। शुक्रवार को वह अपने सहयोगी सुग्रीव यादव के साथ बकाया रुपये मांगने के लिए तेंदू नहर पहुंचे थे।
आरोप है कि रुपये मांगते ही दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने अतुल और सुग्रीव के साथ लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि सोनू यादव ने अतुल को जमीन पर पटककर गला दबाने का प्रयास किया, जबकि रन्नू यादव ने सुग्रीव के साथ मारपीट की।
मारपीट के दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद दोनों आरोपियों से पीड़ितों को बचाया गया। घटना के बाद पीड़ित ने राबर्ट्सगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर सोनू यादव और रन्नू यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर घटना के संबंध में आवश्यक कार्यवाही में जुटी गई है।





