आरटीओ अधिकारी ‘गांधीवादी’ हैं, नोट देखते ही मारते हैं ठप्पा: नितिन गडकरी के तीखे तंज पर हंसे सीएम मोहन यादव

SHARE:

भोपाल। मध्य प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा’ के शुभारंभ के अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का चुटीला और तीखा अंदाज चर्चा का विषय बन गया। भोपाल में आयोजित भव्य कार्यक्रम के दौरान सरकारी बसों की धमाकेदार वापसी पर बोलते हुए गडकरी ने भ्रष्टाचार पर करारा प्रहार किया। उन्होंने मंच से अपने चिर-परिचित अंदाज में आरटीओ अधिकारियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि देश में आरटीओ के बहुत से अधिकारी ‘गांधीवादी’ हैं, जिन्हें गांधी जी के नोट दिखते ही कागजों पर फटाफट ठप्पा मारने की आदत होती है। केंद्रीय मंत्री का यह तंज सुनते ही मंच पर मौजूद मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत तमाम दिग्गज अपनी हंसी नहीं रोक पाए।

परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता और यात्रियों की सुरक्षा पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट लहजे में चेतावनी दी कि नए सुरक्षा नियमों के तहत अब हर बस की फिजिकल जांच और वीडियो इंस्पेक्शन की चेकलिस्ट ‘वाहन पोर्टल’ पर अपलोड करना अनिवार्य होगा। उन्होंने अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि अगर किसी आरटीओ अफसर ने बिना जांच के गलत या अनफिट बस को हरी झंडी दी, तो सीधे उनकी नौकरी जाएगी। भ्रष्टाचार पर रोक लगाने के लिए उन्होंने जनता से अपील की कि सरकार ने परिवहन से जुड़ी 17 प्रमुख सेवाएं डिजिटल कर दी हैं, इसलिए किसी को भी अब आरटीओ दफ्तर के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है। इस दौरान उन्होंने मध्य प्रदेश सरकार के इस सुगम बस मॉडल की जमकर तारीफ की और घोषणा की कि पीएम-ई बस सेवा के तहत प्रदेश में जल्द ही हजारों नई बसों का विस्तार किया जाएगा, जिससे आमजन को बड़ी राहत मिलेगी।

NAV HIND SAMACHAR
Author: NAV HIND SAMACHAR

Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now