Sonbhadra News : पुलिस टीम पर पथराव मामले में 32 नामजद व 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । गत दिनों चोपन थाना क्षेत्र के महुआंव खुर्द गांव में वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है। पुलिस टीम को चारों तरफ से घेरकर ईंट-पत्थर बरसाने तथा मकान की छत से भी पुलिसकर्मियों को निशाना बनाने का आरोप है। घटना में चोपन प्रभारी निरीक्षक, एसओजी प्रभारी समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे। मामले में पुलिस ने 32 लोगों को नामजद करते हुए 20 से 25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी को पहुंची थी टीम

पुलिस के अनुसार गत दिनों गश्त के दौरान मिली सूचना के आधार पर चोपन पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम महुआंव खुर्द निवासी कमलेश यादव उर्फ नेता के घर वांछित अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी। पुलिस टीम को देखते ही अभियुक्त घर के अंदर चला गया और दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि उसने खुद को फांसी लगाने की धमकी देते हुए इसके लिए पुलिसकर्मियों को जिम्मेदार ठहराने की बात कही।

इसके बाद उसके परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस का आरोप है कि लोगों को उकसाने के बाद टीम को चारों तरफ से घेर लिया गया और देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

छत और नीचे से एक साथ बरसाए गए ईंट-पत्थर

पुलिस टीम स्थिति संभाल पाती, इससे पहले ही अचानक ईंट-पत्थर चलने लगे। कुछ लोगों ने मकान की छत से पुलिसकर्मियों को निशाना बनाकर पत्थर बरसाए, जबकि नीचे से भी पथराव किया गया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। पथराव में चोपन प्रभारी निरीक्षक गोपाल जी गुप्ता, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सिंह, उपनिरीक्षक रामज्ञान सिंह यादव, हेड कांस्टेबल अजय कुमार यादव, रविन्द्र यादव, कांस्टेबल मन्तू सिंह और राहुल कुमार यादव समेत नौ पुलिसकर्मी घायल हुए थे।

32 नामजद, 20-25 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा

पुलिस ने मामले में 32 लोगों को नामजद करते हुए 20 से 25 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 121(1), 125(a), 132, 191(2) तथा आपराधिक कानून (संशोधन) अधिनियम की धारा 7 के तहत कार्यवाही की गई है।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश जारी

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now