Sonbhadra News : महिलाओं के सशक्तिकरण से ही समृद्ध होगा देश, ‘मन की बात’ में पीएम ने नशामुक्ति और लोकल फॉर वोकल का दिया संदेश

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में रविवार को राष्ट्र, समाज और युवा पीढ़ी से जुड़े कई अहम मुद्दों की चर्चा हुई। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ0 धर्मवीर तिवारी ने बूथ संख्या-17 पर कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों के साथ प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ सुनी। कार्यक्रम के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में महिलाओं की भागीदारी और प्रतिनिधित्व को लेकर भी राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। स्थानीय राजनीतिक चर्चाओं में जनपद की चार विधानसभा सीटों में से किसी एक सीट पर महिला उम्मीदवार को मौका दिए जाने की संभावना को लेकर भी कयास लगाए जाते रहे।

सर्जिकल स्ट्राइक से सरकार ने आतंकवाद के प्रति अपनी नीति की थी स्पष्ट –

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ में देशवासियों के सकारात्मक प्रयासों को मंच देने के साथ भारत की उपलब्धियों और आतंकवाद के खिलाफ देश की नीति का उल्लेख किया। उन्होंने 28-29 सितंबर 2016 को हुई सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि भारतीय सेना ने एलओसी के पार जाकर आतंकवादी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। उन्होंने कहा कि बालाकोट एयर स्ट्राइक से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक भारत ने आतंकवाद के खिलाफ अपनी नीति को स्पष्ट किया है।

अशोक सिंघल की जन्मशती पर किया नमन –

प्रधानमंत्री ने विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल की 100वीं जयंती का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने रामजन्मभूमि आंदोलन में अशोक सिंघल के योगदान के साथ सामाजिक भेदभाव और विषमता के खिलाफ उनके प्रयासों को भी याद किया।

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की ताकत –

त्योहारों के मद्देनजर प्रधानमंत्री ने युवाओं को नशे जैसी गलत आदतों से दूर रखने के लिए समाज की सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई युवा गलत आदत की ओर बढ़ रहा है तो उससे संवाद किया जाए और नशे से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे युवाओं का साथ दिया जाए। ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

पोषण और स्थानीय खान-पान पर दिया जोर –

प्रधानमंत्री ने सितंबर माह में चल रहे पोषण अभियान का उल्लेख करते हुए देश के विभिन्न राज्यों में कुपोषण के खिलाफ किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने स्थानीय और पौष्टिक खाद्य पदार्थों को बढ़ावा देने की जरूरत बताई। छत्तीसगढ़ के मुनगा अभियान, गुजरात में मिलेट्स से बने व्यंजनों को प्रोत्साहित करने वाली पहल, महाराष्ट्र के जागरूकता अभियानों और मिजोरम की पोषण वाटिकाओं का उल्लेख किया।

उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के डिजिटल रूप से ‘पोषण ट्रैकर’ से जुड़ने और करोड़ों लाभार्थियों के पंजीकरण का भी उल्लेख किया। बच्चों, गर्भवती महिलाओं और स्तनपान कराने वाली माताओं की बेहतर देखभाल के लिए पोषण संबंधी प्रयासों को और मजबूत करने पर जोर दिया।

त्योहारों पर ‘लोकल फॉर वोकल’ का संदेश –

‘मन की बात’ के दौरान त्योहारों के मौसम में स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल का संदेश भी सामने आया। इससे स्थानीय कारीगरों, छोटे कारोबारियों और घरेलू उद्यमों को प्रोत्साहन मिलने की बात कही गई।

इन्होंने सुनीं ‘मन की बात’ –

कार्यक्रम के दौरान सभासद मिठाई लाल सोनी, विनोद सोनी, कृपाशंकर, विकास सिंह चंदेल, अजीत पटेल, संदेश पटेल, अश्वनी, अनूप पांडेय, राहुल, गुनगुन, संतोष, बबलू, श्यामलाल, रिशु, पुरुषोत्तम सेठ, राजन सोनी, सुरेश यादव, संजू पांडेय, विष्णु चौबे, छोटू सोनी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री की ‘मन की बात’ सुनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now