पटना में खराब मौसम का हवाई सेवा पर असर: दिल्ली और मुंबई की दो उड़ानें वाराणसी डायवर्ट, मौसम साफ होने पर हुईं रवाना

SHARE:

वाराणसी। बिहार की राजधानी पटना में शनिवार को मौसम खराब होने का सीधा असर हवाई यातायात पर देखने को मिला। पटना में उड़ानों के उतरने के लिए अनुकूल परिस्थितियां न होने के कारण दिल्ली और मुंबई से पटना जा रही दो अलग-अलग फ्लाइट्स को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के लिए डायवर्ट कर दिया गया। दोनों विमानों में सवार सभी यात्री सुरक्षित रूप से वाराणसी पहुंचे। बाद में पटना के मौसम में सुधार होने पर वाराणसी एयरपोर्ट पर करीब दो घंटे के इंतजार के बाद दोनों विमानों को यात्रियों के साथ उनके गंतव्य पटना के लिए सकुशल रवाना कर दिया गया।

एयरपोर्ट प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली से पटना जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान संख्या IX 1510 (173 यात्री) और मुंबई से पटना जा रही एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI 2789 (161 यात्री) को अचानक वाराणसी डायवर्ट किया गया। दोपहर के समय जैसे ही दोनों विमान वाराणसी एयरपोर्ट पर लैंड हुए, सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट प्रबंधन तुरंत अलर्ट मोड में आ गए। यात्रियों की सुरक्षा व सहूलियत को ध्यान में रखते हुए उन्हें एयरपोर्ट परिसर में ही ठहराया गया। करीब 50 मिनट से दो घंटे के इंतजार के बाद जैसे ही पटना में मौसम साफ होने की हरी झंडी मिली, दोनों विमानों ने शाम को वाराणसी से पटना के लिए फिर से उड़ान भरी।

Vinod Garg
Author: Vinod Garg

2 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now