अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में पुलिस द्वारा दाखिल चार्जशीट में गणना कक्ष की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, गणना कक्ष प्रभारी सुभाष श्रीवास्तव की मौजूदगी में अन्य आरोपी कैश बंडल व सामान हटाते रहे और नोट जेब में रखते दिखे, लेकिन उन्हें रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया। जांच में सामने आया है कि सुभाष ने चेकिंग करने वाले कर्मियों से यह कहकर आरोपियों को जाने दिया कि “सब अपने और विश्वसनीय लोग हैं, इनकी चेकिंग न करो।” चार्जशीट के मुताबिक, निर्धारित दिशा-निर्देशों के बावजूद गणना कर्मियों के ड्रेस कोड का पालन नहीं कराया गया और न ही आने-जाने वालों की चेकिंग सुनिश्चित की गई।
चार्जशीट में खुलासा हुआ है कि वर्ष 2020 से 2022 के दौरान दानपात्र की चाबियां रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू के पास थीं, जबकि 7 जनवरी 2022 से गिनती और बैंक में जमा कराने की जिम्मेदारी सुभाष श्रीवास्तव को दी गई थी। पुलिस का आरोप है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से आपराधिक षड्यंत्र रचा, जिसके तहत अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, करुणेश पांडेय और अविनाश शुक्ला को एसबीआई व सैनिक सिक्योरिटी के माध्यम से गणना कर्मी के रूप में नियुक्त कराया गया। बाद में टिन्नू के भतीजे मनीष कुमार यादव को भी इस कार्य में शामिल किया गया। पुलिस का दावा है कि अधिकृत रूप से गिनती और छंटाई के काम में तैनात इन्हीं कर्मचारियों ने अपनी पहुँच का फायदा उठाकर चढ़ावे की भारी रकम चोरी की।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






