Sonbhadra News : ट्रक के गुप्त केबिन में छिपाकर ले जा रहे थे ₹3.30 करोड़ का गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत सोनभद्र पुलिस और एसओजी ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। शाहगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक छह पहिया कंटेनर में लोहे की चादरों से बनाए गए गुप्त केबिन में छिपाकर ले जाए जा रहे 6 क्विंटल 25 किलोग्राम गांजे की खेप बरामद की है। पुलिस ने मौके से ओडिशा निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल कंटेनर की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए हैं। पुलिस ने कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 30 लाख रुपये बताई है।

खाली दिख रहा था कंटेनर, अंदर खुला तस्करी का राज –

आज पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन सभागार में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि “23/24 सितंबर की रात शाहगंज पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एसओजी को सूचना मिली कि एक संदिग्ध कंटेनर को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर शाहगंज की ओर भाग निकला। सूचना पर रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर गौरीशंकर मंदिर के आगे पुलिया के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस को देखकर कंटेनर चालक ने वाहन रोक दिया और उसमें सवार दोनों लोग कूदकर भागने लगे। पुलिस और एसओजी टीम ने पीछा कर दोनों को करीब 3:05 बजे दबोच लिया। तलाशी के दौरान कंटेनर का पिछला हिस्सा सामान्य तौर पर खाली दिखाई दिया। लेकिन कंटेनर के आगे की ओर लोहे की चादरों को वेल्डिंग कर अलग से गुप्त केबिन तैयार किया गया था। पुलिस ने केबिन खुलवाया तो उसके भीतर गांजे की बड़ी खेप छिपाकर रखी मिली।

ओडिशा से चला नेटवर्क, मिर्जापुर में होनी थी डिलीवरी –

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिलीप कुमार देहरी और संतोष कुमार साहू, दोनों निवासी जनपद ढेंकनाल, ओडिशा के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी कटक, ओडिशा निवासी एक व्यक्ति के लिए गांजा परिवहन का काम करते थे। पुलिस का दावा है कि उसी व्यक्ति के इशारे पर कंटेनर में विशेष गुप्त केबिन तैयार कराया गया और उसमें गांजा लोड किया गया था। खेप को मिर्जापुर निवासी एक व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

मोबाइल से खुलेगी नेटवर्क की अगली कड़ी –

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अब बरामद मोबाइल फोन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए तस्करी नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों की पहचान की जा रही है। पूछताछ में सामने आए व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ थाना शाहगंज में धारा 8/20/27ए/29/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को भी संबंधित धाराओं में सीज किया गया है।

आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाले पुलिस टीम में ये रहे शामिल –

आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसओजी प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, थानाध्यक्ष शाहगंज मानवेंद्र सिंह, चौकी प्रभारी कस्बा शाहगंज राहुल पांडेय, हे0का0 मनीष कुमार सिंह, रितेश पटेल, लालजी यादव, का0 अजीत यादव, शिवम मौर्या, जय प्रकाश सरोज एसओजी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Follow Us Now