आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । कोतवाली क्षेत्र के घुवास खुर्द मोहाल में गुरुवार की भोर हल्की बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभरा कर ढह गया। हादसे में मकान के अंदर सो रहे 80 वर्षीय जानकी पुत्र स्व0 बड़क मलबे में दब गए और उनकी मौत हो गई। भोर से सुबह तक वृद्ध का शव मलबे में ही दबा रहा। जब परिजन सुबह उठे तो मकान गिरा देख उनके होश उड़ गए। पड़ोसियों की मदद से उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया।
मृतक के बेटे मिठाई लाल भारती बताया कि उसके पिता बुधवार रात खाना खाने के बाद कच्चे मकान में सोने चले गए। आज भोर में हल्की बारिश हो रही है। हम लोग भी परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गए। रात में मकान ढह गया। सुबह करीब छह बजे जानकी के बेटे मिठाई लाल भारती ने कच्चा मकान गिरा देखा तो उसके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल पड़ोसियों और घर के बच्चों को बुलाया। पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए मलबा हटाने का काम शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद वृद्ध के शव को बाहर निकाला गया, जिसके बाद उन्हें परिजन लोढ़ी स्थित मेडिकल कॉलेज ले गए जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत लाया घोषित कर दिया।
वहीं हादसे की सूचना मिलते ही रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पुलिस के इंस्पेक्टर और हल्का लेखपाल सुबोध सिंह मौके पर पहुंच गए। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवार से जानकारी ली और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस लोढ़ी भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा है। वृद्ध की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।






