आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
• डीसी एनआरएलएम ने हरी झंडी दिखाकर गुलाब आजीविका समूह की महिलाओं को किया रवाना
सोनभद्र । गांव की चौखट से निकलकर अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने का सपना अब सोनभद्र की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं साकार कर रही हैं। ग्रेटर नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में जिले के गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाएं अपने उत्पादों का प्रदर्शन करेंगी। समूह की सदस्यों को डीसी एनआरएलएम रविंद्र वीर ने हरी झंडी दिखाकर आज ग्रेटर नोएडा के लिए रवाना किया।
विकास खंड करमा के सहदैया बैदान में संचालित गुलाब आजीविका स्वयं सहायता समूह की सदस्य मधुबाला देवी और प्रियंका देवी ट्रेड शो में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में समूह की महिलाओं द्वारा तैयार विभिन्न उत्पादों का स्टॉल लगाया जाएगा। इससे सोनभद्र के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्र की महिलाओं के हुनर को देश-विदेश से आने वाले खरीदारों और आगंतुकों के सामने प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
88 से अधिक देशों के बीच दिखेगा सोनांचल का हुनर –
चौथे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में 88 से अधिक देशों की भागीदारी, करीब 600 अंतरराष्ट्रीय खरीदार और 2,400 से अधिक प्रदर्शकों के शामिल होने की जानकारी है। ऐसे बड़े मंच पर सोनभद्र के स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की भागीदारी जिले के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। ट्रेड शो में ओडीओपी उत्पादों, पारंपरिक कलाओं और उत्तर प्रदेश की विविध स्थानीय पहचान को भी प्रदर्शित किया जाएगा।
गांव से निकलकर देशभर के मेलों तक पहुंची महिलाएं –
गुलाब आजीविका समूह की महिलाओं की यह उपलब्धि अचानक नहीं मिली है। समूह से जुड़ी महिलाएं अपने उत्पादों के साथ दिल्ली, नोएडा, भोपाल, कश्मीर, पंजाब, आंध्र प्रदेश, लद्दाख और देहरादून समेत विभिन्न स्थानों पर आयोजित सरस मेलों में प्रतिभाग कर चुकी हैं। अब अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में पहुंचकर वे अपने उत्पादों को वैश्विक बाजार के सामने रखने जा रही हैं।
आर्थिक सशक्तिकरण की बन रही नई कहानी –
स्वयं सहायता समूहों ने सोनभद्र की ग्रामीण महिलाओं को केवल रोजगार से नहीं जोड़ा, बल्कि उन्हें अपने उत्पाद तैयार करने, बाजार तक पहुंचाने और बिक्री का अनुभव भी दिया है। अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में भागीदारी इसी बदलाव की एक महत्वपूर्ण कड़ी है। इससे स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिलने के साथ महिलाओं की आय और आत्मनिर्भरता के रास्ते भी मजबूत होंगे।
बोले डीसी एनआरएलएम, महिलाओं के हुनर को बड़े बाजार से जोड़ना लक्ष्य –
डीसी एनआरएलएम रविन्द्र वीर ने कहा कि “स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं में प्रतिभा और मेहनत की कोई कमी नहीं है। हमारा प्रयास है कि उनके उत्पादों को स्थानीय बाजार तक सीमित न रखते हुए प्रदेश, देश और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े बाजारों से जोड़ा जाए। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो जैसा मंच सोनभद्र की महिलाओं के लिए अपने हुनर और उत्पादों को व्यापक स्तर पर पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण अवसर है। समूह की महिलाएं यहां से नए अनुभव, नए बाजार और नए अवसर लेकर लौटेंगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता ही ग्रामीण विकास को मजबूत आधार देती है। एनआरएलएम के माध्यम से समूहों को लगातार बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और उनके उत्पादों की ब्रांडिंग, पैकेजिंग तथा बाजार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।”






