माधवेंद्र मिश्रा, लखनऊ। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और मुंबई पुलिस की संयुक्त टीम ने लखनऊ के दुबग्गा क्षेत्र से एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए उसके सरगना समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इम्तियाज सिद्दीकी राइन और गौस सलवा खान के रूप में हुई है, जो लंबे समय से फर्जी आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र, पैन कार्ड और अन्य महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज तैयार करने के मामले में वांछित चल रहे थे। दोनों को अवध किशन होटल के पास से देर रात घेराबंदी कर पकड़ा गया।

सरगना समेत दो पकड़े। – फोटो: नव हिन्द समाचार (न्यूज़ एजेंसी)
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी इम्तियाज पहले मुंबई में जनसेवा केंद्र चलाता था, जहां उसकी मुलाकात इस अवैध नेटवर्क से जुड़े लोगों से हुई। इसके बाद आरोपियों को एक विशेष सॉफ्टवेयर हासिल हुआ, जिसकी मदद से वे बिना किसी अधिकृत प्रक्रिया के पहचान पत्रों में नाम, पता व अन्य जानकारियां बदल देते थे। इन फर्जी पहचान पत्रों के आधार पर अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार किए जाते थे और इसके बदले लोगों से मोटी रकम वसूली जाती थी।
महाराष्ट्र के पायधुनी थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज होने के बाद मुंबई पुलिस ने यूपी एसटीएफ से संपर्क साधा था। इसके बाद एसटीएफ की अयोध्या इकाई और मुंबई पुलिस ने साझा कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य नेटवर्क और सॉफ्टवेयर मुहैया कराने वाले मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुट गई लहै।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.





