सोनभद्र की नई अपर पुलिस अधीक्षक बनीं 2022 बैच की IPS मेविस टाक: मुंबई से पढ़ाई और हज हाउस कोचिंग से UPSC क्रैक करने वाली मेविस संभालेंगी सुरक्षा की कमान

SHARE:

सोनभद्र। जनपद सोनभद्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश कैडर की 2022 बैच की होनहार आईपीएस अधिकारी मेविस टाक को सोनभद्र का नया अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) बनाया गया है। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2021 में ऑल इंडिया 386वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा में चुनी गईं मेविस टाक मूल रूप से राजस्थान के पाली जिले की रहने वाली हैं, जबकि उनका परिवार वर्तमान में मुंबई के मीरा रोड (मीरा-भायंदर) इलाके में निवास करता है। सोनभद्र में अपनी नई जिम्मेदारी संभालने से पहले वह बांदा जिले में सहायक पुलिस अधीक्षक (ASP) के पद पर तैनात थीं। वहीं बांदा से पूर्व वह बरेली और सहारनपुर जिलों में भी अपनी कुशल सेवाएं दे चुकी हैं।

आईपीएस मेविस टाक की शैक्षणिक पृष्ठभूमि और प्रशासनिक यात्रा बेहद प्रेरणादायी रही है। उन्होंने मुंबई के प्रतिष्ठित रॉयल कॉलेज ऑफ आर्ट्स, साइंस एंड कॉमर्स से राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र विषयों के साथ स्नातक की उपाधि प्राप्त की। इसके पश्चात उन्होंने मुंबई विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान (इंडियन फेडरेशन एंड लैंग्वेज पॉलिटिक्स) में परास्नातक (M.A.) की डिग्री हासिल की। अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने अपने तीसरे प्रयास में यूपीएससी जैसी कठिन परीक्षा को क्रैक कर सफलता का परचम लहराया। अपनी तैयारी के दौरान राजनीति विज्ञान को ही उन्होंने अपना वैकल्पिक विषय चुना था।

अपनी सफलता का श्रेय एक अनुशासित माहौल को देते हुए मेविस टाक बताती हैं कि उन्होंने मुंबई स्थित हज हाउस के ‘रेसिडेंशियल कोचिंग इंस्टीट्यूट’ (RCI) में रहकर परीक्षा की गहन तैयारी की थी। हज हाउस के उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल और वहां मौजूद वरिष्ठ छात्रों के मार्गदर्शन ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अपनी तैयारी के दौरान वह दैनिक समसामयिकी (करेंट अफेयर्स) और स्मार्ट स्टडी को प्राथमिकता देती थीं। सोशल मीडिया से दूरी और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी मानने वाली आईपीएस मेविस टाक के सोनभद्र में आगमन से जिले की पुलिसिंग को एक नई दिशा और ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Nhs News agency
Author: Nhs News agency

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now