- मध्य प्रदेश में ज्वैलर्स के यहां डकैती डालने वाला बदमाश सोनभद्र में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल, लूटे गए गहने व नकदी बरामद
अनपरा (सोनभद्र)। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले स्थित जयंत में कंचन ज्वैलर्स की दुकान में हथियारबंद बदमाशों द्वारा डाली गई डकैती का सोनभद्र पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। अनपरा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम के साथ हुई मुठभेड़ में डकैती में शामिल एक शातिर बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। मुठभेड़ के बाद पकड़े गए अभियुक्त के पास से अवैध पिस्टल, कारतूस, डकैती के लूटे गए सोने के आभूषण, ₹50,000 नकद और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पूरे मामले का खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि अंतर्राज्यीय सीमा पर हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक बड़े अपराधी को दबोचने में सफलता पाई है।
घटना के विवरण के अनुसार, 17 सितंबर 2026 को थाना विंध्यनगर (सिंगरौली, म.प्र.) के कंचन ज्वैलर्स में छह बदमाशों ने तमंचे व पिस्टल के बल पर व्यापारी व ग्राहकों से मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूट लिए थे। विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग की थी, जिसमें दो लोग घायल हो गए थे। इसके बाद बदमाश बाइकों से भाग निकले थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देश पर सीमावर्ती इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान 18 सितंबर की सुबह क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पांडेय के नेतृत्व में अनपरा, शक्तिनगर, पिपरी पुलिस एवं एसओजी सोनभद्र की संयुक्त टीम बेलवादह पिकनिक स्पॉट मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी। तभी अपाचे मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखे, जिन्हें पुलिस ने रोकने का इशारा किया।
पुलिस को देखते ही बदमाशों ने तेजी से भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई नियंत्रित फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह बाइक समेत गिर पड़ा, जिसकी पहचान रोशन कुमार स्वीपर निवासी शक्तिनगर, सोनभद्र के रूप में हुई। वहीं उसका साथी राहुल स्वीपर जंगल का फायदा उठाकर भाग निकला। घायल बदमाश रोशन को पुलिस ने तत्काल हिरासत में लेकर अस्पताल भिजवाया। अभियुक्त के खिलाफ बीएनएस व आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़ा गया अभियुक्त शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ सोनभद्र, मध्य प्रदेश और झारखंड के विभिन्न थानों में डकैती, लूट और गैंगेस्टर एक्ट जैसे आधा दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्त ने स्वीकार किया कि उसने अपने 5 अन्य साथियों के साथ मिलकर कंचन ज्वैलर्स में डकैती की वारदात को अंजाम दिया था। उसने यह भी खुलासा किया कि घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे मोटरसाइकिल झारखंड के गढ़वा जिले से लूटी गई थी। बरामद सोने के आभूषणों पर कंचन ज्वैलर्स के टैग भी लगे हुए पाए गए हैं। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी और डकैती के शेष माल की शत-प्रतिशत बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने में अनपरा प्रभारी निरीक्षक प्रणय प्रसून श्रीवास्तव, शक्तिनगर प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र राय, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा और पिपरी थानाध्यक्ष राजेश जी चौबे की टीम शामिल रही।
Author: Harsh Vardhan
9 years experience in the field of journalism.





