सोनभद्र। पुलिस लाइन चुर्क स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल की अध्यक्षता में जनपद के समस्त थानों के हेड मोहर्रिरों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य थानों के मालखानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना और वहां रखे सामानों के रख-रखाव को अधिक पारदर्शी व सुव्यवस्थित बनाना था। बैठक के दौरान मालखाना संबंधी अभिलेखों, बरामद माल, मुकदमाती सम्पत्ति एवं अन्य जब्तशुदा वस्तुओं के रख-रखाव की गहन समीक्षा की गई। साथ ही प्रत्येक थाना स्तर पर डिजिटल ई-मालखाना प्रणाली को अनिवार्य और प्रभावी रूप से विकसित व संचालित किए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक के दौरान उपस्थित हेड मोहर्रिरों को मालखाना में जमा समस्त मुकदमाती माल, जैसे जब्त किए गए शस्त्र, वाहन, मादक पदार्थ, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण एवं अन्य वस्तुओं का विवरण डिजिटल माध्यम से अद्यतन (अपडेट) करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मालखाना में जमा होने वाली प्रत्येक छोटी-बड़ी वस्तु का पूर्ण विवरण डिजिटल रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित किया जाए। इसके साथ ही पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक मुकदमाती माल का फोटो, उससे संबंधित मुकदमा अपराध संख्या, धाराएं, माल जमा करने की तिथि एवं संबंधित विवेचक का पूरा विवरण ऑनलाइन सॉफ्टवेयर पर सुरक्षित रखा जाए ताकि जरूरत पड़ने पर एक क्लिक में पूरी जानकारी सामने आ सके।
अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ने आगे निर्देशित किया कि मालखाना में रखी सभी वस्तुओं पर स्पष्ट रूप से टैग या क्रमांक अंकित किया जाए और उनका मिलान डिजिटल अभिलेखों से शत-प्रतिशत सुनिश्चित होना चाहिए। मालखाना की नियमित साफ-सफाई और वस्तुओं को उनकी श्रेणी के अनुसार सुव्यवस्थित ढंग से रखने पर विशेष बल दिया गया। इसके अलावा, जिन मामलों का न्यायालय से निस्तारण हो चुका है, उनके माल के समयबद्ध डिस्पोजल हेतु एक पृथक सूची तैयार कर आवश्यक विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने थानों के तकनीकी रिकॉर्ड की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि डिजिटल अभिलेखों का नियमित बैकअप सुरक्षित रखा जाए और प्रत्येक थाना प्रभारी अनिवार्य रूप से अपने स्तर पर ई-मालखाना व्यवस्था की साप्ताहिक समीक्षा करें।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.





