सोनभद्र। जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से शक्तिनगर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के कड़े निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के कुशल पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना शक्तिनगर पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो के संबंध में त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की गई है।
पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र भ्रमण, बैंक चेकिंग एवं इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे उक्त वायरल वीडियो की सघन जांच के दौरान शक्तिनगर पुलिस पीडब्ल्यूडी मोड़ चिल्का बस्ती क्षेत्र में पहुंची और मामले की जमीनी हकीकत जानी। मौके पर की गई विस्तृत जांच के दौरान पुलिस को ज्ञात हुआ कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में स्थानीय नागरिकों और जनमानस में गहरा आक्रोश व्याप्त है, जिससे क्षेत्र की कानून एवं शांति व्यवस्था के पूरी तरह प्रभावित होने की प्रबल संभावना बनी हुई थी।
इलाके में किसी भी प्रकार के तनाव और शांति भंग की आशंका को तत्काल समाप्त करने के उद्देश्य से पुलिस टीम ने त्वरित कदम उठाते हुए संत कुमार पुत्र स्वर्गीय राम जी साहू, निवासी चिल्काटांड़ बस्ती थाना शक्तिनगर, उम्र करीब 55 वर्ष को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेजा गया। इस त्वरित व सफलतापूर्ण कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक दिनेश गौतम, रिजर्व कांस्टेबल आशीष मिश्रा और महिला आरक्षी पूजा कनौजिया शामिल रहीं।
Author: Harsh Vardhan
7 years experience in the field of journalism.






