विश्व क्षय रोग दिवस पर टीबी मुक्त 339 ग्राम पंचायतों के प्रधान सम्मानित

SHARE:

  • विश्व क्षय रोग दिवस पर टीबी मुक्त 339 ग्राम पंचायतों के प्रधान सम्मानित

सोनभद्र। विकास भवन परिसर स्थित डीपीआरसी सभागार में स्वास्थ्य विभाग द्वारा विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर ग्राम प्रधान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले की टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पी.के. राय ने भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार टीबी उन्मूलन अभियान में अहम भूमिका निभाने वाले ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया। इस दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण भी मौजूद रहीं। सीएमओ डॉ. पी. के. राय ने बताया कि जिले में अब तक 339 ग्राम पंचायतों को टीबी मुक्त घोषित किया जा चुका है। इन ग्राम पंचायतों में पिछले एक वर्ष से अधिक समय से टीबी के नए मरीज नहीं मिले हैं, वहीं पूर्व में चिन्हित मरीजों के स्वस्थ होने की दर भी संतोषजनक रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में 250 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हुई, जबकि वर्ष 2024 में 76 और वर्ष 2023 में 13 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त घोषित की गई थीं। इनमें 27 ग्राम पंचायतें ऐसी हैं जो सर्वे में दूसरी बार टीबी मुक्त पाई गई हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर नए मरीजों की पहचान की जा रही है। चिन्हित मरीजों को निशुल्क दवा के साथ ही पोषण हेतु प्रति माह एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। वहीं, मरीजों की पहचान में सहयोग करने वालों को भी प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। सीएमओ ने बताया कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा एवं केंद्रीय राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल द्वारा 100 दिवसीय टीबी खोज अभियान का शुभारंभ किया गया है, जिसके तहत जिले में विशेष रणनीति बनाकर मरीजों की पहचान और उपचार पर जोर दिया जा रहा है। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. प्रेमनाथ, डॉ. जी.एस. यादव, डॉ. गिरधारी लाल, डॉ. कीर्ति आजाद बिंद, डीपीएम रिपुंजय श्रीवास्तव, जिला पंचायत सदस्य मोहन कुशवाहा सहित कई जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्यकर्मी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Harsh Vardhan
Author: Harsh Vardhan

9 years experience in the field of journalism.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now