आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र। दीपावली के प्रकाश पर्व पर आतिशबाजी के बाजार सजने लगे हैं। जिले में पटाखों की बिक्री के लिए प्रशासन ने 12 स्थानों पर कुल 243 दुकानों को अनुमति दी है। प्रमुख कस्बों और बाजारों में निर्धारित स्थलों पर ही पटाखों की दुकानें लगाई गई हैं। सुरक्षा मानकों को लेकर प्रशासन ने दुकानदारों से शपथ पत्र भी भरवाया है। साथ ही स्पष्ट हिदायत दी गई है कि किसी भी परिस्थिति में घनी आबादी और रिहायशी इलाकों में पटाखों की दुकानें नहीं लगाई जाएंगी।
जिले में हर साल दीपावली पर पटाखों का कारोबार लाखों रुपये का होता है। हालांकि आतिशबाजी से होने वाले प्रदूषण और आगजनी की आशंका को देखते हुए इस बार भी बिक्री को निर्धारित स्थानों और समय सीमा तक सीमित रखा गया है। शासन के निर्देशों के मुताबिक मात्र तीन दिनों के लिए ही पटाखों की दुकानें लगाने और बिक्री करने की अनुमति दी गई है। दुकानों के लिए ऐसे खुले स्थान चिह्नित किए गए हैं, जहां आग से बचाव के पर्याप्त इंतजाम किए जा सकें। निर्धारित 12 स्थलों पर ही दुकानदारों को बिक्री की अनुमति होगी। अन्य क्षेत्रों के लोग भी इन्हीं स्थानों से पटाखों की खरीदारी कर सकेंगे।
डायट परिसर में लगीं पटाखा की 10 दुकानें –
रॉबर्ट्सगंज नगर पालिका क्षेत्र में पटाखों की बिक्री के लिए डायट परिसर को निर्धारित किया गया है, जहां कुल 10 दुकानें लगाई गई हैं। आज द्वितीय अग्निशमन अधिकारी करन यादव ने टीम के साथ पटाखा दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। दुकानों के बाहर पानी से भरे ड्रम और बालू से भरी बाल्टियां रखने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही दुकानों में की गई बिजली की वायरिंग को हटाने को कहा गया, ताकि शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका को खत्म किया जा सके।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....





