Sonbhadra News : गुरुद्वारा से लौटी पत्नी तो कमरे में फंदे से लटकता मिला सेवानिवृत्त इंजीनियर का शव, मचा कोहराम

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । घर में सबकुछ सामान्य था। सुबह करीब सात बजे सेवानिवृत्त इंजीनियर योगेंद्र सिंह भंडारी घर में दूध लेते हुए सीसीटीवी कैमरे में भी दिखाई दिए थे, लेकिन इसके करीब डेढ़ घंटे बाद जब उनकी पत्नी गुरुद्वारा से वापस लौटीं तो घर के कमरे का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरे में पंखे के सहारे नाइलन की रस्सी से उनका शव लटक रहा था। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना से विकास नगर कॉलोनी में सनसनी फैल गई।

जानकारी के अनुसार, राबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के विकास नगर निवासी 70 वर्षीय योगेंद्र सिंह भंडारी पुत्र स्व0 हरीदेव सिंह एनसीएल से सेवानिवृत्त इंजीनियर थे। वह अपनी पत्नी के साथ रहते थे। शनिवार की सुबह उनकी पत्नी गुरुद्वारा गई हुई थीं, जबकि योगेंद्र सिंह घर पर अकेले थे। सुबह करीब सात बजे उन्हें घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दूध लेते हुए देखा गया था। इसके लगभग डेढ़ घंटे बाद सुबह साढ़े आठ बजे पत्नी घर लौटीं तो कमरे में उनका शव पंखे के सहारे लटकता मिला।

बताया गया कि कमरे के दरवाजे की अंदर से सिटकनी भी नहीं लगी थी। घटना की जानकारी होते ही पत्नी के शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही काशीराम चौकी प्रभारी बृजेश प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्यवाही पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

मृतक के परिवार में दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका पुत्र बेंगलुरु में एक कंपनी में नौकरी करता है। पुलिस ने घटना की जानकारी पुत्र को दे दी है। चौकी प्रभारी ने बताया कि पुत्र के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्यवाही कराई जाएगी।

फिलहाल सेवानिवृत्त इंजीनियर की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य पहलुओं पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Anand Kumar Chaubey
Author: Anand Kumar Chaubey

9 years experience in Journalism....

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now