आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । पिछले दो विधानसभा चुनावों में लगातार कमजोर पड़ते जनाधार और प्रदेश की सियासत में सिमटती मौजूदगी के बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने अब आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ानी शुरू कर दी है। भले ही पिछले विधानसभा चुनावों में पार्टी को अपेक्षित सफलता नहीं मिली और प्रदेश में उसका प्रतिनिधित्व महज एक सीट तक सिमट गया, लेकिन आगामी चुनाव में खोई राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए बसपा ने जिला स्तर पर संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बसपा जिलाध्यक्ष रामचंद्र रत्ना ने नई जिला कमेटी की घोषणा करते हुए विभिन्न पदों पर नए चेहरों को जिम्मेदारी सौंपी है।
जिलाध्यक्ष की ओर से जारी पत्र के अनुसार, शेकरार अहमद को जिला उपाध्यक्ष, राजकुमार गुप्ता को जिला महासचिव, श्रीकांत पाठक को कोषाध्यक्ष, राजकुमार संघर्षी को जिला सचिव बनाया गया है। वहीं अविनाश शुक्ला और शिव शंकर राव को जिला कार्यकारिणी सदस्य तथा बद्री प्रसाद को जिला बीबीएफ की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
वहीं जिलाध्यक्ष रामचंद्र रत्ना ने कहा कि “पार्टी संगठन को मजबूत करना उनकी प्राथमिकता है। नई जिला कमेटी में शामिल सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा है कि वे पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएंगे। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और आमजन की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बसपा का जनाधार मजबूत करने के लिए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर मेहनत करनी होगी। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।”
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






