आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी भले ही वक्त बाकी हो, लेकिन जिले की सियासत में चुनावी पारा अभी से चढ़ने लगा है। चुनावी रणभेरी बजने से पहले ही संभावित प्रत्याशियों ने अपनी राजनीतिक जमीन नापनी शुरू कर दी है। कहीं होर्डिंग-पोस्टरों के जरिए शक्ति प्रदर्शन हो रहा है तो कहीं लखनऊ की दौड़ लगाकर पार्टी के बड़े नेताओं तक अपनी दावेदारी पहुंचाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। शहर के प्रमुख चौराहों से लेकर गली-मोहल्लों और कॉलोनियों तक नेताओं की तस्वीरों वाले बैनर चुनावी माहौल का एहसास कराने लगे हैं। कुल मिलाकर, चुनाव भले ही दूर हो, लेकिन टिकट की जंग ने अभी से रफ्तार पकड़ ली है।
दिलचस्प यह है कि संभावित दावेदारों ने जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए अलग-अलग रास्ते अपना रखे हैं। कोई त्योहारों और विशेष अवसरों पर शुभकामना संदेशों के जरिए मतदाताओं से जुड़ने की कोशिश कर रहा है तो कोई सीधे अपनी राजनीतिक सक्रियता का प्रदर्शन कर रहा है। समर्थकों के जरिए सोशल मीडिया पर भी प्रचार अभियान चलाया जा रहा है। इन गतिविधियों के पीछे मकसद साफ है कि पार्टी नेतृत्व के सामने अपनी सक्रियता, लोकप्रियता और जनाधार का मजबूत दावा पेश किया जा सके।
टिकट की दावेदारी में जातीय गणित बना सबसे बड़ा पेच –
हालांकि, चुनावी तैयारी का असली पेंच जातिगत समीकरणों में उलझा हुआ है। जिले की विधानसभा सीटों पर किस राजनीतिक दल का उम्मीदवार किस जातीय समीकरण के आधार पर उतरेगा, इसे लेकर संभावित दावेदारों की निगाहें पार्टी नेतृत्व के रुख पर टिकी हैं। टिकट की दौड़ में शामिल नेताओं के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अभी से खुलकर प्रचार में ताकत झोंकी जाए या पहले पार्टी की रणनीति और सीटों के संभावित समीकरण स्पष्ट होने का इंतजार किया जाए। कहीं ऐसा न हो कि महीनों की मेहनत और लाखों रुपये के प्रचार के बाद टिकट का गणित ही बदल जाए।
लखनऊ की परिक्रमा और स्थानीय शक्ति प्रदर्शन साथ-साथ –
टिकट के दावेदारों के लिए इन दिनों लखनऊ की राजनीतिक परिक्रमा भी अहम होती जा रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात, संगठन में अपनी सक्रियता का प्रदर्शन और क्षेत्र में समर्थकों की संख्या दिखाने की कवायद तेज है। संभावित प्रत्याशी अपने-अपने स्तर से यह संदेश देने में जुटे हैं कि क्षेत्र में उनकी पकड़ मजबूत है और चुनावी मैदान में उतरने का मौका मिला तो वे पार्टी के लिए बेहतर परिणाम दे सकते हैं। दूसरी ओर, स्थानीय स्तर पर होर्डिंग-पोस्टरों की बढ़ती संख्या भी राजनीतिक प्रतिस्पर्धा को उजागर कर रही है।
त्योहारों की शुभकामनाओं में छिपा चुनावी एजेंडा, होर्डिंग के जरिए चमके टिकट के दावेदार –
दीपावली और छठ पूजा के महापर्व पर भी संभावित विधानसभा प्रत्याशियों ने सियासी सक्रियता का कोई मौका हाथ से नहीं जाने दिया। किसी ने दीपावली की बधाइयों के बड़े-बड़े होर्डिंग लगवाकर अपनी राजनीतिक मौजूदगी दर्ज कराई तो किसी ने छठ घाटों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर शुभकामना संदेशों के जरिए मतदाताओं का ध्यान खींचने की कोशिश की। त्योहारों की आड़ में जनता के बीच अपनी पहचान और पहुंच मजबूत करने की यह कवायद अब खुलकर चुनावी तैयारी का रूप लेने लगी है। जाहिर है, इन शुभकामना संदेशों के पीछे केवल त्योहारों की बधाई नहीं, बल्कि आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी मजबूत करने की राजनीतिक मंशा भी छिपी है।
दावेदारों की भीड़ में किसके सिर सजेगा टिकट का ताज –
बहरहाल, विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होने में अभी समय है, लेकिन टिकट के लिए राजनीतिक बिसात बिछनी शुरू हो चुकी है। दावेदारों के चेहरे भले ही होर्डिंग-पोस्टरों पर चमक रहे हों, लेकिन अंतिम फैसला पार्टी नेतृत्व के हाथ में ही होगा। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि जनता के बीच पोस्टर और प्रचार के जरिए अपनी पहचान बनाने वाले नेताओं में से कितनों की दावेदारी वास्तव में टिकट तक पहुंचेगी और कितने चेहरे ऐन वक्त पर सियासी समीकरणों की भेंट चढ़ जाएंगे? फिलहाल जिले की राजनीति में चुनावी तैयारी से ज्यादा टिकट की बेचैनी दिखाई देने लगी है।
Author: Anand Kumar Chaubey
9 years experience in Journalism....






