Sonbhadra News : सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा में मंडलायुक्त ने कसे अधिकारियों के पेंच, पीएम सूर्य घर और फैमिली आईडी में तेजी लाने का दिया निर्देश

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

सोनभद्र । शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी तरह की लापरवाही न हो और योजनाओं का लाभ कागजों तक सीमित रहने के बजाय पात्र परिवारों तक पहुंचे, इसे लेकर विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त एवं जिले के नोडल अधिकारी राजेश प्रकाश ने अधिकारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित सीएम डैशबोर्ड एवं शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की समीक्षा बैठक में उन्होंने विभिन्न विभागों की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की।
बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ योजना को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर पात्र लाभार्थियों को इसका अधिकतम लाभ दिलाया जाए, ताकि सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ आम लोगों को भी इसका सीधा फायदा मिल सके।

फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा में अपेक्षित गति लाने पर भी मंडलायुक्त ने जोर दिया। उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिया।

मंडलायुक्त ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करना है। ऐसे में अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना की भी समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों को समय से आवास योजना का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिया।

बैठक में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि मंडलायुक्त द्वारा दिए गए निर्देशों का संबंधित अधिकारी पूरी गंभीरता के साथ अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही योजनाओं की प्रगति में किसी स्तर पर अनावश्यक विलंब न होने देने को कहा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, अपर जिलाधिकारी न्यायिक रमेश चंद्र, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी समेत विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now