Uttar Pradesh News: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण और चुनाव प्रक्रिया में कथित धांधली के विरोध में दिल्ली में विपक्षी दलों के जोरदार प्रदर्शन के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के कई सांसदों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मंगलवार को संसद भवन के मकर द्वार से निर्वाचन आयोग मुख्यालय की ओर निकाले जा रहे शांतिपूर्ण मार्च को दिल्ली पुलिस ने बीच रास्ते में रोक दिया, जिसके बाद अखिलेश यादव व अन्य विपक्षी नेता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पूरा विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के तत्काल इस्तीफे की मांग पर अड़ा हुआ है। हिरासत में लिए जाने के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए अखिलेश यादव ने कड़े तेवरों में कहा कि जो लोग देश के लोकतंत्र की रक्षा के लिए लड़ते हैं, वे किसी भी तरह की गिरफ्तारी या प्रशासनिक दबाव से डरने वाले नहीं हैं।
भाजपा सरकार और मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी ही खुद मुख्य चुनाव आयुक्त की भूमिका निभा रही है और देश का एक ही स्पष्ट मत है कि मुख्य चुनाव आयुक्त को तुरंत अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए। सरकार की ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ नीति पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी आड़ में भाजपा का असली मंसूबा एक ही बार में चुनावी घपला करके लोकतंत्र को खत्म करना है, ताकि बार-बार धांधली करने की नौबत न आए और पकड़े जाने का खतरा कम रहे। अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपाइयों को ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ के बजाय ‘वन करप्शन, वन इलेक्शन’ कहना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई कि देश में केवल एक और बार चुनाव कराने की गहरी साजिश रची जा रही है, जिसके बाद जनता को कभी वोट डालने का अधिकार ही नहीं मिलेगा।
Author: AJEET KUMAR SINGH
अजीत कुमार सिंह, नव हिंद समाचार (न्यूज़ एजेंसी) के उत्तर प्रदेश स्टेट हेड के रूप में कार्यरत्त हैं, जिनके पास पत्रकारिता का 3 साल का अनुभव है। अपनी तीव्र रिपोर्टिंग, रणनीतिक सोच और फील्ड वर्क में महारत के साथ, वह उत्तर प्रदेश में एजेंसी को प्रभावी ढंग से संभाल रहे हैं। अजीत जमीनी स्तर के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष पत्रकारिता के माध्यम से समाज में बदलाव लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"





