आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । नवरात्र पर्व से पहले प्रदेश सरकार ने छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का उपहार दिया। शनिवार को लखनऊ में आयोजित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के छात्रवृत्ति वितरण समारोह का कलेक्ट्रेट सभागार में सजीव प्रसारण किया गया। प्रथम चरण में प्रदेश के 4.60 लाख छात्र-छात्राओं के खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की गई। वहीं जनपद में समाज कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कुल 2483 छात्र-छात्राओं के खातों में 65 लाख 79 हजार 149 रुपये छात्रवृत्ति के रूप में भेजे गए।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति स्वीकृति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए। सदर विधायक भूपेश चौबे ने कहा कि “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्योहार से पहले ही छात्र-छात्राओं के खातों में छात्रवृत्ति की धनराशि भेजने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रथम चरण है और मार्च तक विभिन्न चरणों में पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के माध्यम से वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि आर्थिक कठिनाइयों के कारण उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि योजना के तहत एससी, एसटी, ओबीसी, सामान्य और अल्पसंख्यक वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति का लाभ दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के अवसरों का लाभ उठाकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। विधायक ने अटल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से श्रमिक परिवारों के बच्चों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयासों का भी उल्लेख किया।”
मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने कहा कि “छात्रवृत्ति योजना आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए शिक्षा जारी रखने में सहायक है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करना, स्कूल छोड़ने की प्रवृत्ति को कम करना और सभी वर्गों के विद्यार्थियों को शिक्षा के समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के मूल निवासी तथा निर्धारित पात्रता पूरी करने वाले एससी, एसटी, ओबीसी, सामान्य और अल्पसंख्यक वर्ग के विद्यार्थी योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।”
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक भूपेश चौबे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष ओमप्रकाश दुबे, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल देव पाण्डेय, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह भदौरिया और पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेन्द्र देव पाण्डेय समेत छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन और छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा।





