आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)
सोनभद्र । घोरावल नगर में शुक्रवार की रात एक रियल एस्टेट कारोबारी की संदिग्ध मौत ने सनसनी फैला दी। 62 वर्षीय ओमप्रकाश भारद्वाज का शव घर में मिला तो गले पर कसाव के निशान ने मामले को महज मौत नहीं, बल्कि साजिश की आशंका से जुड़ी गुत्थी बना दिया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि घटना वाली रात विद्यालय परिसर के सीसीटीवी कैमरे और बिजली कनेक्शन बंद मिले, जबकि मोबाइल से कॉल डिटेल डिलीट होने की बात भी सामने आई है। आखिर मौत से पहले क्या हुआ था? सीसीटीवी और बिजली कनेक्शन किसने और क्यों बंद किए? पुलिस अब इन्हीं सवालों के जवाब तलाश रही है। हालांकि हत्या की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही होगी।
रात में सब सामान्य था और सुबह अपने बेड पर मृत मिले कारोबारी –
घोरावल कोतवाली क्षेत्र के वार्ड नंबर चार निवासी ओमप्रकाश भारद्वाज पुत्र राम निहोर मूल रूप से वाराणसी जनपद के कपसेठी थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव के रहने वाले थे। घोरावल में वह रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े थे। इसके साथ ही वह सोनांचल पब्लिक स्कूल का संचालन भी करते थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की रात तक सब कुछ सामान्य था। शनिवार सुबह परिजनों ने ओमप्रकाश को देखा तो वह कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे। इसके बाद तत्काल 112 नंबर पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो वह मृत अवस्था में मिले। प्रथम दृष्टया उनके गले पर कसाव के निशान दिखाई दिए, जिसके बाद गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका ने मामले को गंभीर बना दिया।
CCTV बंद, बिजली कनेक्शन भी मिला कटा –
मामले में सबसे अहम कड़ी घटना वाली रात विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और बिजली कनेक्शन का बंद मिलना बताया जा रहा है। इसके अलावा मृतक के मोबाइल फोन से कॉल डिटेल डिलीट किए जाने की बात भी सामने आई है। इन परिस्थितियों ने पुलिस के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या घटना से पहले या बाद में किसी ने जानबूझकर सीसीटीवी बंद कराया? बिजली कनेक्शन क्यों बंद था? मोबाइल से कॉल डिटेल कैसे और किस परिस्थिति में डिलीट हुई? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य –
चौकी इंचार्ज उदय कुशवाहा ने बताया कि मृतक के पुत्र आकाश के अनुसार शुक्रवार की रात तक सब कुछ ठीक था। सुबह उनके पिता बोल नहीं रहे थे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचने पर ओमप्रकाश मृत अवस्था में मिले और गले पर कसाव के निशान प्रथम दृष्टया नजर आए।
उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है। फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज –
चौकी इंचार्ज का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।






