Sonbhadra News : मासूम की गुहार का असर, वायरल वीडियो देखते ही डीएम ने लिया संज्ञान

SHARE:

आनन्द कुमार चौबे (संवाददाता)

• सरईगढ़ की मासूम का वायरल वीडियो सामने आने के बाद डीएम ने लिया संज्ञान

•डीएम बोले- चार माह में 28 मोबाइल टॉवर को मंजूरी, 22 पर काम शुरु

• सरईगढ़ में नेटवर्क के लिए पूरा हो चुका है सर्वे कार्य – डीएम

सोनभद्र । जिले के दुर्गम और नेटवर्क विहीन इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी की समस्या दूर करने की कवायद तेज हो गई है। जिला प्रशासन के प्रयासों से पिछले चार माह में 28 नए मोबाइल टॉवरों की स्वीकृति मिल चुकी है। इनमें से 22 टॉवरों की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया गया है, जबकि छह अन्य टॉवरों पर भी जल्द काम शुरू होने की बात प्रशासन ने कही है। इनमें जुगैल क्षेत्र में तीन टॉवर स्थापित किए जाने हैं।

जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि जिले के विभिन्न हिस्सों में मोबाइल नेटवर्क की स्थिति का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे के आधार पर नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर प्राथमिकता के साथ टॉवर स्थापना की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन का फोकस विशेष रूप से ग्रामीण और दुर्गम क्षेत्रों में कनेक्टिविटी सुधारने पर है

सरईगढ़ की बच्ची के वीडियो पर डीएम ने लिया संज्ञान –

विकासखंड नगवां की ग्राम पंचायत सरईगढ़ की एक बच्ची का मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल जानकारी ली।

डीएम ने बताया कि “बीएसएनएल के एसडीओ से इसकी जानकारी ली गई तो उन्होंने सरईगढ़ क्षेत्र में नेटवर्क कनेक्टिविटी को लेकर सर्वे पहले ही पूरा कराया जा चुका है। टॉवर स्थापना की स्वीकृति के लिए डीजी बीएसएनएल से पत्राचार भी किया गया है। स्वीकृति मिलते ही संबंधित क्षेत्र में टॉवर स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। डीएम ने कहा कि नेटवर्क कनेक्टिविटी से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सर्वे और आवश्यक कार्रवाई प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है। इसके लिए संबंधित विभागों और एजेंसियों के बीच लगातार समन्वय किया जा रहा है।”

14 गांवों में 4-जी टॉवर लगाने का काम शुरू –

डीएम ने बताया कि नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में पहले से ही रॉबर्ट्सगंज, घोरावल और दुद्धी तहसील के 14 गांवों में 4-जी टॉवर स्थापना का कार्य शुरू कराया जा चुका है।

रॉबर्ट्सगंज तहसील के नगवां, दरमा, मड़कुरी और सांडसोत तथा घोरावल तहसील के ढोलो, सपही, अमिलिपोखर, मूर्तिया और देवगढ़ में टॉवर स्थापना की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसी तरह दुद्धी तहसील के डूमा, जौराही, गंगहर, शिशवा और पतखिरना में भी टॉवर लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा दुद्धी तहसील के सोड़ो, बिच्छी, कोटा, जोरकहू तथा ओबरा क्षेत्र के पकरी, झरिया, कंधौरा, भरमहोरी, कनेहरा और बैरपुर में भी मोबाइल टॉवर स्थापित करने की कार्रवाई शुरू किए जाने की जानकारी दी गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Most Recent

Follow Us Now