उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गांधी जयंती के अवसर पर लखनऊ के हजरतगंज स्थित गांधी प्रतिमा स्थल पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने प्रतिमा स्थल पर बैठकर भक्ति भजनों का श्रवण भी किया। मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर पर प्रदेश वासियों को ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ की शुभकामनाएं दीं और कहा कि सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर पूरी दुनिया को स्वाधीनता का संदेश देने वाले महात्मा गांधी जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर संदेश साझा करते हुए लिखा कि श्रद्धेय बापू के आदर्श, सादगी और विचार हम सभी को आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण की दिशा में निरंतर मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। इसके साथ ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री ‘भारत रत्न’ लाल बहादुर शास्त्री जी को भी उनकी जयंती पर नमन करते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि ‘जय जवान-जय किसान’ के अमर उद्घोष से देश के प्रहरी सैनिकों और अन्नदाताओं में अदम्य ऊर्जा का संचार करने वाले शास्त्री जी का दृढ़ नेतृत्व, ईमानदारी और सादगीपूर्ण जीवन हर देशवासी के लिए युगों-युगों तक प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय रहेगा।
Author: NAV HIND SAMACHAR
Navhind News is a leading multilingual news agency in India. Its primary focus is to provide print, electronic, and digital media with news on international, national, regional, and local events, as well as on topics such as literature, art, culture, religion, spirituality, economics, business, sports, science, technology, entertainment, health, and law.






